नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश, बर्फबारी, घना कोहरा और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार आज मौसम का असर ज्यादा व्यापक रह सकता है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में घने से बहुत घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि हिमालयी राज्यों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बताया है कि 6 फरवरी तक कई राज्यों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रह सकता है।
आईएमडी के बुलेटिन के मुताबिक, बीते दिन उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई। आज हरियाणा के करनाल और अंबाला, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, अयोध्या, वाराणसी, लखनऊ तथा उत्तराखंड के पंतनगर और खटीमा में यातायात और रेल सेवाओं पर असर पड़ सकता है। हिमाचल प्रदेश में 7 फरवरी तक कोहरे का असर बने रहने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने का भी अलर्ट जारी किया गया है।
कैसा है तापमान का हाल
आईएमडी के अनुसार, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। राजस्थान के सीकर में मैदानी इलाकों का सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद इसमें 2 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। 6 फरवरी को ठंडी हवाओं और कोहरे के कारण ठंड ज्यादा महसूस होगी। इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है।
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से दिल्ली और एनसीआर में 6 फरवरी को आंशिक बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। दिन में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। शाम और रात में हवाओं की रफ्तार कम होने से ठंडक बढ़ सकती है।
9 फरवरी से फिर बारिश-बर्फबारी की संभावना
आईएमडी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 6 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं, 9 से 11 फरवरी के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ के असर से इन राज्यों में दोबारा बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश में 6 फरवरी तक घना कोहरा बना रहेगा। हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा। पूर्वी भारत में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट संभव है।
किसानों के लिए खास सलाह
उत्तराखंड और आसपास के पहाड़ी इलाकों में पाले की आशंका को देखते हुए किसानों को हल्की और बार-बार सिंचाई करने की सलाह दी गई है। सब्जी और फलदार पौधों को पुआल या पॉलिथीन शीट से ढककर रखें। तेज हवाओं के मद्देनजर सब्जी और बागवानी फसलों को सहारा देने की जरूरत है, ताकि पौधों के गिरने का खतरा न रहे। पशुपालकों को सलाह दी गई है कि रात के समय पशुओं को खुले में न रखें, सूखी बिछावन का उपयोग करें और पोल्ट्री शेड में पर्याप्त गर्मी की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
ये भी पढ़ें: जनवरी 2026 में गेहूं के दाम गिरे, MSP खरीद की तैयारी तेज
