नई दिल्ली: देश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है, जहां एक ओर उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, वहीं दूसरी ओर दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में तेज आंधी, बिजली चमकने और 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
कई राज्यों में मौसम का बदलेगा मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत पहाड़ी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मॉनसून की रफ्तार हुई तेज
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और बिहार के कई हिस्सों तक पहुंच बना ली है। आने वाले दिनों में महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी इसके आगे बढ़ने की संभावना है।
12 जून को देशभर का मौसम
उत्तर भारत में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादल, तेज हवाएं और बारिश का दौर जारी रह सकता है। पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड और ओडिशा में भारी बारिश के संकेत हैं। पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार वर्षा की स्थिति बनी रहेगी, जबकि दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक और तमिलनाडु में अच्छी बारिश की संभावना है।
दिल्ली में मिलेगी गर्मी से राहत
राष्ट्रीय राजधानी में बादल छाए रहने और हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। तापमान में गिरावट आ सकती है और अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। आने वाले दिनों में भी हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में 13 जून के बाद बारिश कुछ कम हो सकती है, लेकिन हल्की बारिश और तेज हवाएं जारी रहेंगी। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में 13 से 17 जून के बीच कई दौर की बारिश हो सकती है, जबकि मध्य और पश्चिम भारत में भी धीरे-धीरे बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।
किसानों और पशुपालकों के लिए सलाह
विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करें और कटी फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें। तेज हवाओं से बचाव के लिए पौधों को सहारा दें। पशुपालकों को भी पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने और चारे को सूखा रखने की सलाह दी गई है। मौसम में इस बदलाव के चलते देशभर में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन तेज आंधी और बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
ये भी पढ़ें: खरीफ सीजन में बढ़ी लागत से धान किसान चिंतित
