मौसम का हाल

अगले 7 दिन भारी बारिश का अलर्ट, किसानों के लिए ये है खास सलाह

Heavy Rainfall

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों और किसानों को सतर्क रहने तथा मौसम को देखते हुए कृषि कार्य करने की सलाह दी है।

अल नीनो और कम दबाव के क्षेत्र से बढ़ेगी बारिश

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में अल नीनो की स्थिति बनी हुई है और इसके और मजबूत होने के संकेत मिल रहे हैं। वहीं हिंद महासागर में समुद्री परिस्थितियां फिलहाल सामान्य बनी हुई हैं। इस समय बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से तथा ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के पास कम दबाव का एक मजबूत क्षेत्र बना हुआ है। इसके अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। मौसम विभाग का कहना है कि मॉनसून द्रोणी की स्थिति, सक्रिय समुद्री हवाओं और अन्य मौसम प्रणालियों के कारण उत्तर भारत, पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में अच्छी बारिश जारी रहने की संभावना है। वहीं दक्षिणी प्रायद्वीपीय और पश्चिम-मध्य भारत के कुछ हिस्सों में बारिश अपेक्षाकृत कम रह सकती है।

इन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में 18 से 21 जुलाई, हिमाचल प्रदेश में 19 से 22 जुलाई और जम्मू-कश्मीर में 21 जुलाई को बहुत भारी बारिश हो सकती है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में 19 से 21 जुलाई, बिहार तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 18 से 20 जुलाई के बीच बहुत भारी बारिश का अनुमान है। ओडिशा में 17 जुलाई को बहुत भारी तथा कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

असम और मेघालय में 16 से 19 जुलाई तथा अरुणाचल प्रदेश में 17 से 19 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा झारखंड, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी भारी बारिश का अनुमान है।

आंधी, बिजली और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी

मौसम विभाग ने मध्य भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर राज्यों, उत्तर-पश्चिमी मैदानी क्षेत्रों, पश्चिमी तटीय इलाकों और हिमालयी राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना भी जताई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।

किसानों के लिए मौसम विभाग की महत्वपूर्ण सलाह

मौसम विभाग ने किसानों से कहा है कि जिन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है, वहां खेतों में जलभराव न होने दें और अतिरिक्त पानी की निकासी की उचित व्यवस्था करें। धान, मक्का, दलहन, तिलहन, सब्जियों और बागवानी फसलों वाले खेतों की नालियों की नियमित सफाई करें तथा मेड़ों को मजबूत बनाए रखें।

भारी बारिश के दौरान सिंचाई, उर्वरक का प्रयोग और फसल सुरक्षा से जुड़े कार्य स्थगित रखें। जिन क्षेत्रों में खेतों की स्थिति अनुकूल हो, वहां तैयार फसलों की कटाई समय रहते पूरी कर लें।

उत्तराखंड में किसानों को मूंगफली, सोयाबीन और मक्का की बुवाई फिलहाल टालने की सलाह दी गई है। वहीं बिहार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के किसानों को भी अपनी फसलों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने और मौसम सामान्य होने तक कृषि कार्यों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

ये भी पढ़ें: एमपी में किसान कल्याण वर्ष की शुरुआत, किसानों के लिए कई बड़ी घोषणाएं

Related posts

Leave a Comment