पटना: खरीफ मौसम के आगमन से पहले बिहार सरकार ने किसानों के लिए बड़ी पहल करते हुए खाद उपलब्धता को लेकर नई व्यवस्था शुरू की है। इस पहल के तहत अब किसानों को घर बैठे खाद दुकानों और उपलब्ध स्टॉक की पूरी जानकारी मिल सकेगी। सरकार ने डिजिटल तकनीक को बढ़ावा देते हुए कृषि ऐप तैयार किया है, जिसे किसान अपने मोबाइल में डाउनलोड कर सकते हैं और खाद सहित कृषि से जुड़ी कई जरूरी जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं।
ऐप से खत्म होगी खाद के लिए भागदौड़
खरीफ मौसम में मुख्य रूप से धान की खेती होती है, जिसमें खाद की आवश्यकता सबसे अधिक होती है। हर वर्ष खाद दुकानों के बाहर लंबी कतारें और अफरा-तफरी की स्थिति देखने को मिलती है। इस समस्या को दूर करने के लिए सरकार ने यह कृषि ऐप शुरू किया है। अब किसान पहले से ही खाद की उपलब्धता की जानकारी लेकर ही दुकान पर जाएंगे, जिससे भीड़ कम होगी और समय की बचत होगी। साथ ही किसान ऐप के माध्यम से खाद की बुकिंग भी कर सकेंगे।
नजदीकी दुकानों और स्टॉक की मिलेगी जानकारी
इस ऐप के जरिए किसान अपने जिले और प्रखंड में स्थित खाद दुकानों की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। वे यह भी जान सकते हैं कि किस दुकान पर किस प्रकार का खाद उपलब्ध है और कितना स्टॉक मौजूद है। इससे किसानों को अनावश्यक दौड़-भाग से राहत मिलेगी और उन्हें सही समय पर खाद मिल सकेगा।
कालाबाजारी पर लगेगा अंकुश
इस नई व्यवस्था से खाद वितरण में पारदर्शिता आएगी। ऐप पर पूरी जानकारी उपलब्ध होने के कारण खाद विक्रेता किसानों को मना नहीं कर सकेंगे। इससे कालाबाजारी पर रोक लगेगी और जरूरतमंद किसानों तक खाद की पहुंच सुनिश्चित होगी।
चैटबॉट से खेती की हर जानकारी
कृषि ऐप में चैटबॉट की सुविधा भी दी गई है, जिसके माध्यम से किसान अपनी भाषा में खेती से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा किसान मौसम का पूर्वानुमान, फसलों की तैयारी, सुरक्षा उपाय, सरकारी योजनाओं की जानकारी, बाजार मूल्य, न्यूनतम समर्थन मूल्य, किसान पासबुक, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और पौध संरक्षण से जुड़ी सलाह भी इसी ऐप पर प्राप्त कर सकते हैं। बिहार सरकार ने किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक इस ऐप का उपयोग करें और आधुनिक तकनीक के माध्यम से अपनी खेती को बेहतर बनाएं।
ये भी पढ़ें: भारत का सीफूड निर्यात बढ़ा, मछली उत्पादन दोगुना
