विशेष लेख

बकरियों के लिए सुरक्षित सड़क परिवहन

Safe road transport of goats

यात्रा के दौरान नुकसान घटाने के व्यावहारिक उपाय

वाराणसी: बकरी पालन छोटे किसानों और ग्रामीण उद्यमियों के लिए सरल व कम लागत वाला व्यवसाय है। सही नस्ल चुनने के लिए अक्सर बकरियों को उनके मूल क्षेत्र से लाना पड़ता है। उचित सावधानी और वैज्ञानिक पद्धति का पालन ना करने से परिवहन के दौरान तनाव, गर्मी और चोट लगने से मृत्यु दर बढ़ जाती है। यह लेख व्यावसायिक अनुभव और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक सुझावों पर आधारित है, ताकि यात्रा में नुकसान लगभग शून्य रखा जा सके।

क्यों जरूरी है वैज्ञानिक परिवहन?

नई बकरियाँ लाने, फार्म बदलने या बाजार ले जाने के लिए परिवहन जरूरी है। सही तरीके से ले जाने पर पशु स्वस्थ रहते हैं, बीमारी नहीं फैलती और किसान का नुकसान नहीं होता। इससे ग्रामीण आजीविका और खाद्य सुरक्षा दोनों मजबूत होती है।

परिवहन से पहले की तैयारी

यात्रा शुरू होने से कई दिन पहले ही तैयारी शुरू करें।

  • नस्ल की शुद्धता जाँचें (ब्लैक बंगाल, बरबरी, सिरोही, जमनापारी आदि) और दाम लोडिंग से पहले तय कर लें।
  • हर बकरी का स्वास्थ्य देखें—गांठ, सूजन, बुखार या थकान न हो। पीपीआर, ईटी और खुरपका-मुँहपका के टीके लग चुके हों।
  • उन्नत गर्भवती बकरियों को लंबी यात्रा पर न ले जाएँ।
  • अलग-अलग जगह से खरीदी बकरियों को एक सुरक्षित बाड़े में इकट्ठा करें।
  • कम से कम 10 दिन का स्थानीय चारा साथ लें। अचानक चारा बदलने से पेट की बीमारी हो सकती है।
  • बकरों और बकरियों के लिए अलग विभाजन बनाएँ।
  • पशु चिकित्सा प्रमाण-पत्र और जरूरी कागजात साथ रखें। मार्ग पहले से तय कर लें।

गाड़ी की सही तैयारी

  • सफेद तिरपाल की छत लगाएँ (गर्मी परावर्तित करे, किनारों से हवा आए)।
  • फर्श पर बालू + सूखी घास या जूट के बोरे बिछाएँ ताकि फिसलन न हो।
  • नुकीली कीलें-तार हटा दें। फर्श और दीवारों को फिनोल या बुझे चूने से साफ करें।
  • लकड़ी का मजबूत रैंप रखें।
  • कम से कम एक अनुभवी परिचारक साथ बैठे।

यात्रा के दौरान सावधानियाँ

  • गाड़ी की गति 40 किमी/घंटा से अधिक न रखें।
  • सभी बकरियों का सिर इंजन (आगे) की तरफ रखें।
  • हर 3–4 घंटे पर छाँव में रोकें। पानी, ओआरएस या गुड़-नींबू का पानी पिलाएँ।
  • हरी पत्तियाँ (पीपल, सुबबूल) लटका दें ताकि चबाते रहें और तनाव कम हो।
  • जरूरत पड़ने पर पशु चिकित्सक की सलाह से एंटी-स्ट्रेस दवा रखें।

मौसम के अनुसार खास सावधानी

मौसममुख्य खतराउपाय
गर्मी (मार्च–जून)लू लगना, पानी की कमीरात 6 बजे से सुबह 8 बजे तक यात्रा करें। ओआरएस-गुड़ का पानी देते रहें।
मानसून (जुलाई–सितंबर)निमोनिया, गीला फर्शवॉटरप्रूफ तिरपाल लगाएँ, हवा खुली रखें। गीला पुआल तुरंत बदलें।
सर्दी (अक्टूबर–फरवरी)ठंड, कोहरासुबह 10 से शाम 5 बजे तक यात्रा करें। फर्श पर मोटी सूखी घास बिछाएँ।

फार्म पहुँचने के बाद

  • बकरियों को रैंप से धीरे-धीरे उतारें, गिनती करें। तुरंत गुड़ का पानी पिलाएँ।
  • 3–5 दिन तक लिवर टॉनिक और कैल्शियम दें।
  • नई बकरियों को कम से कम 14 दिन अलग क्वारंटाइन शेड में रखें। पहले सप्ताह सिर्फ उनके मूल स्थान से लाया चारा ही दें, फिर धीरे-धीरे नये स्थान के चारे से भी परिचित कराएं।
  • पशु चिकित्सक की सलाह से डीवॉर्मिंग करवाएँ। पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही पुराने झुंड में मिलाएँ।

त्वरित चेकलिस्ट

लोडिंग से पहले: नस्ल-स्वास्थ्य जाँच, टीके, गर्भवती बकरियाँ अलग, मूल स्थान का 10 दिन का चारा, प्रमाण-पत्र।

गाड़ी: सफाई, नुकीली चीजें हटाना, बालू और घास, सफेद तिरपाल, रैंप।

यात्रा: 40 किमी/घंटा से कम गति,बकरियों का  सिर आगे की ओर , हर 3–4 घंटे पर आराम, ओआरएस-गुड़।

पहुँचने पर: धीरे उतारना, गुड़ का पानी, 14 दिन क्वारंटाइन, लिवर टॉनिक, डीवॉर्मिंग।

आपातकाल

किसी भी आपात स्थिति में तुरंत आधिकारिक सहायता के लिए उचित संपर्क पर कॉल करें, जैसे उत्तर प्रदेश में  यूपी पशु चिकित्सा हेल्पलाइन 1800-180-5141

इन सरल लेकिन वैज्ञानिक उपायों को अपनाकर किसान भाई बकरियों का सुरक्षित परिवहन कर सकते हैं, नुकसान कम कर सकते हैं और बकरी पालन व्यवसाय को लाभकारी बना सकते हैं।

स्रोत: व्यावसायिक बकरी फार्मों का अनुभव तथा B पशु चिकित्सा संकाय के शोध  2025

ये भी पढ़ें: गन्ने के साथ सरसों और मधुमक्खी पालन से बढ़ाएं कमाई

Related posts

Leave a Comment