लखनऊ: योगी आदित्यनाथ सरकार धान खरीद के मोर्चे पर बड़ी सफलता दर्ज कर रही है। वर्ष 2025-26 के धान खरीद सीजन में उत्तर प्रदेश में रिकॉर्ड धान खरीद हुई है। गुरुवार तक चार लाख से अधिक किसानों से लगभग 25 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद पूरी कर ली है। यह उपलब्धि किसानों को सीधी आर्थिक मजबूती प्रदान कर रही है। सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि धान खरीद प्रक्रिया को और तेज़ किया जाए, ताकि प्रदेश का कोई भी योग्य किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए। प्रदेश में पश्चिम उत्तर प्रदेश में धान खरीद 1 अक्टूबर से और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 नवंबर से शुरू की गई थी।
8.67 लाख किसानों ने कराया रजिस्ट्रेशन
धान खरीद की प्रक्रिया को व्यापक बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने डिजिटल और फिजिकल दोनों स्तरों पर सिस्टम को मजबूत किया है। अब तक 8,67,232 किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, जिनमें से 18 दिसंबर तक 4,08,740 किसानों से धान खरीद पूरी हो चुकी है। किसानों के खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से उनके भुगतान की प्रक्रिया लगातार जारी है। इससे किसानों को तुरंत और सुरक्षित भुगतान मिल रहा है।
प्रदेश में 4743 धान खरीद केंद्र सक्रिय
किसानों को धान बेचने के लिए किसी तरह की समस्या न हो, इसके लिए प्रदेशभर में 4743 धान खरीद केंद्र संचालित हैं। इन केंद्रों पर धान की तौल, ग्रेडिंग और भुगतान की पूरी प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ पूरी की जा रही है। सरकार का दावा है कि केंद्रों पर किसानों के लिए पेयजल, तिरपाल, बैठने की व्यवस्था और मापक उपकरण जैसे सभी इंतज़ाम किए गए हैं।
बिना रुकावट जारी है धान खरीद अभियान
सीएम योगी आदित्यनाथ ने संबंधित विभागों को हिदायत दी है कि किसानों को खरीद केंद्रों पर किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही तौल व भुगतान में देरी न हो। सरकार स्पष्ट कर चुकी है कि धान खरीद अभियान का लक्ष्य स्पष्ट रूप से किसानों की आय में बढ़ोतरी और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
DBT से किसानों तक तुरंत कैश ट्रांसफर
प्रदेश सरकार धान खरीद के बाद बिचौलियों की भूमिका खत्म कर चुकी है। खरीद पूरी होते ही किसानों के खातों में पैसे सीधे भेजे जा रहे हैं और भुगतान में तेजी के लिए सभी जिलों को विशेष निर्देश भी दिए गए हैं। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि किसान बिना देरी अपनी अगली फसल पर निवेश कर पा रहे हैं।
कहां-कहां चल रही धान खरीद प्रक्रिया?
पश्चिमी यूपी के मेरठ, सहारनपुर, बरेली, मुरादाबाद, आगरा, अलीगढ़, झांसी, लखनऊ संभाग के जनपद लखीमपुर खीरी, हरदोई और सीतापुर में 1 अक्टूबर से खरीद जारी है। पूर्वी यूपी के अयोध्या, आजमगढ़, कानपुर, चित्रकूट, देवीपाटन, प्रयागराज, गोरखपुर, मीरजापुर, बस्ती, वाराणसी तथा लखनऊ संभाग के उन्नाव, रायबरेली और लखनऊ में 1 नवंबर से धान खरीद शुरू हुई।
ये भी पढ़ें: आलू और प्याज के दाम गिरे, किसानों की आय पर बड़ा संकट
