कृषि समाचार

खरीफ सीजन में धान खरीद पर फिर विवाद

धान की खरीद पर विवाद

देशभर में खरीफ फसलों की कटाई जारी है और कई राज्यों में खरीफ सीजन में धान खरीद की तैयारी भी पूरी कर ली गई है। लेकिन हरियाणा में इस बार भी धान खरीद में अनियमितताओं को लेकर किसानों ने नाराजगी जताई। किसानों का आरोप है कि सरकार द्वारा तय की गई तारीख पर धान की खरीदी शुरू नहीं हुई। इसी को लेकर शाहबाद में किसानों ने भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के प्रमुख गुरनाम सिंह चढ़ूनी की अगुवाई में प्रदर्शन किया और जीटी रोड को करीब 3 घंटे तक जाम रखा।

किसानों का आरोप

किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने बताया कि खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों और राइस मिलर्स की मिलीभगत से धान खरीद में देरी की जा रही है। सरकार ने 22 सितंबर से धान खरीदी शुरू करने का ऐलान किया था, लेकिन उस दिन खरीद शुरू नहीं हुई। किसानों का आरोप है कि शेल्डरों को लाभ पहुंचाने के लिए जानबूझकर खरीद में देरी की जा रही है। इसी कारण लगभग 500 किसानों ने धरना देकर जीटी रोड जाम किया।

आंदोलन के बाद शुरू हुई खरीदी

किसानों के आंदोलन और जाम के बाद प्रशासन हरकत में आया। SDM मौके पर पहुंचे और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद धान की खरीद और उठान का काम शुरू हो गया। किसान नेताओं ने बताया कि गुरुवार को खरीद केंद्र पर करीब 1 लाख क्विंटल धान पहुंचा, जिसमें से लगभग 70 हजार क्विंटल की खरीदी और उठान हुआ। प्रशासन ने आगे से धान की खरीदी तेज करने का भरोसा दिया।

सीएम से मिलने का आश्वासन

गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने बताया कि SDM के अलावा उनकी बातचीत DG से भी हुई। अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को दूर करने और मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का भरोसा दिलाया है। किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर फिर से धान खरीद में लापरवाही हुई, तो और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

पहले भी उठा चुके हैं आवाज

इससे पहले भी गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने धान और बाजरे की खरीद को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। उनका आरोप है कि नियमित खरीदी और उठान न होने से किसानों को भारी दिक्कत हो रही है। साथ ही उन्होंने बाजरे के MSP पर सवाल उठाते हुए कहा था कि किसानों को उचित दाम नहीं मिल रहा है।

ये भी पढ़ें: पंजाब में पराली जलाकर संकट में पड़े किसान

Related posts

Leave a Comment