पशुपालन

पोल्ट्री फार्म में कैसे बढ़ाएं अंडा उत्पादन? इन खास बातों का रखें ध्यान

नई दिल्ली: देश में पोल्ट्री फार्मिंग तेजी से उभरता हुआ कृषि व्यवसाय बन चुका है, खासकर अंडा और चिकन उत्पादन के क्षेत्र में। हालांकि यह बात कम ही लोग जानते हैं कि हर मुर्गी रोज अंडा नहीं देती। यह एक जैविक प्रक्रिया है, जिसे सही देखभाल, पोषण और वैज्ञानिक तकनीकों की मदद से बेहतर बनाया जा सकता है। एक सामान्य मुर्गी साल भर में औसतन 290 से 315 अंडे देती है। यदि फार्म में उचित प्रबंधन किया जाए, तो इस उत्पादन को बढ़ाना संभव है। सबसे जरूरी है मुर्गियों को दिया जाने वाला पोषणयुक्त आहार। फीड में प्रोटीन, कैल्शियम, विटामिन और अन्य पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में होने चाहिए। इसके साथ ही स्वच्छ और ताजा पानी की उपलब्धता भी जरूरी है, क्योंकि पानी की कमी से मुर्गियां कमजोर हो जाती हैं और उनका उत्पादन घट जाता है।

मुर्गियों के जैविक चक्र पर रोशनी का सीधा प्रभाव पड़ता है। अंडा उत्पादन के लिए उन्हें रोजाना करीब 14 से 16 घंटे प्रकाश मिलना चाहिए। फार्म में सही लाइट मैनेजमेंट से उनकी दिनचर्या बनी रहती है, जिससे वे नियमित रूप से अंडे देती हैं। पोल्ट्री फार्म का वातावरण शांत और स्थिर होना चाहिए, क्योंकि शोर-शराबा, बाहरी आवाजाही या अचानक बदलाव से मुर्गियां तनाव में आ जाती हैं। तनाव उनके स्वास्थ्य के साथ-साथ अंडा उत्पादन को भी प्रभावित करता है। फार्म में तापमान और हवा की आवाजाही का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। ज्यादा गर्मी या ठंड से मुर्गियों को परेशानी होती है, जिससे उनका व्यवहार और उत्पादन प्रभावित होता है।

बीमारियों से बचाव के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच जरूरी है। संक्रमण रोकने के लिए फार्म में बायो-सिक्योरिटी के नियमों का पालन करना चाहिए। फार्म में सफाई, कीट नियंत्रण और बाहरी व्यक्तियों की सीमित आवाजाही से मुर्गियों को सुरक्षित रखा जा सकता है। मुर्गियों की नस्ल का चयन भी उत्पादन में अहम भूमिका निभाता है। कुछ नस्लें प्राकृतिक रूप से ज्यादा अंडे देती हैं, इसलिए फार्म की स्थापना या विस्तार के समय अधिक उत्पादक नस्लों का चयन करना समझदारी होगी।

आज के दौर में तकनीक ने पोल्ट्री फार्मिंग को और अधिक सुविधाजनक बना दिया है। ऑटोमैटिक फीडिंग सिस्टम, स्मार्ट लाइटिंग, तापमान नियंत्रण यूनिट जैसे उपकरणों की मदद से फार्म का संचालन आसान होता है और मुर्गियों को आरामदायक वातावरण मिलता है। इसका सीधा असर उत्पादन पर पड़ता है और फार्म की लागत भी कम होती है। अंडा उत्पादन कोई चमत्कार नहीं, बल्कि वैज्ञानिक सोच और व्यवस्थित प्रबंधन का नतीजा होता है। यदि फार्म में पोषण, स्वच्छता, शांत वातावरण, तापमान नियंत्रण, नस्ल चयन और तकनीकी संसाधनों का संतुलन बना रहे, तो उत्पादन को बढ़ाना पूरी तरह संभव है। यही फार्मिंग को लाभकारी और टिकाऊ बनाता है।

Related posts

Leave a Comment