कृषि समाचार

बिहार के किसानों के लिए खुशखबरी: पक्का थ्रेसिंग फ्लोर बनाने पर मिलेगी 50% सब्सिडी, आवेदन 5 अगस्त तक

पटना:  बिहार सरकार किसानों की भलाई के लिए लगातार योजनाएं ला रही है ताकि उनकी उपज की गुणवत्ता बेहतर हो और उन्हें बेहतर बाजार मूल्य मिल सके। इन्हीं प्रयासों के तहत राज्य सरकार ने किसानों के लिए पक्का थ्रेसिंग फ्लोर निर्माण योजना शुरू की है। इस योजना का मकसद किसानों को अनाज सुखाने के लिए एक स्वच्छ और टिकाऊ जगह उपलब्ध कराना है ताकि फसल की गुणवत्ता बनी रहे और नुकसान कम हो। इससे किसानों को न केवल उपज का उचित मूल्य मिलेगा बल्कि उनका मेहनताना भी सुरक्षित रहेगा। अक्सर देखा गया है कि कटाई और थ्रेसिंग के बाद अनाज खुले में सुखाया जाता है, जिससे नमी, मिट्टी या अन्य अशुद्धियों की वजह से अनाज की गुणवत्ता प्रभावित होती है। ऐसे में सरकार द्वारा चलाई जा रही यह योजना किसानों के लिए राहतभरी साबित हो सकती है।

कितनी मिलेगी सब्सिडी?

पक्का थ्रेसिंग फ्लोर बनाने की अनुमानित लागत 1,26,200 रुपये है, जो अलग-अलग जिलों में स्थिति और मानक के अनुसार बदल सकती है। राज्य सरकार इस लागत पर 50 प्रतिशत तक की सब्सिडी दे रही है, यानी किसानों को अधिकतम 50,000 रुपये तक की वित्तीय सहायता मिलेगी। यह सब्सिडी निर्माण कार्य पूरा होने के बाद लाभार्थी किसान के बैंक खाते में सीधे ट्रांसफर की जाएगी।

कैसे करें आवेदन?

इस योजना का लाभ केवल पंजीकृत किसान ही उठा सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और इसे dbtagriculture.bihar.gov.in पोर्टल पर जाकर पूरा किया जा सकता है। आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेजों में एलपीसी (भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र), जमाबंदी या लगान रसीद शामिल हैं। आवेदन के बाद लॉटरी के माध्यम से चयन किया जाएगा और उसके आधार पर सत्यापन प्रक्रिया होगी। अगर कोई किसान सत्यापन में अयोग्य पाया जाता है तो प्रतीक्षा सूची में शामिल अगले पात्र किसान को योजना का लाभ दिया जाएगा। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए SMS के माध्यम से स्टेटस अपडेट भी किसानों को भेजे जाएंगे।

आवेदन और चयन की महत्वपूर्ण तिथियां

इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन की शुरुआत 5 जुलाई 2025 को होगी जबकि ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 5 अगस्त 2025 तय की गई है। 9 जुलाई से 18 जुलाई 2025 सत्यापन का काम होगा। लॉटरी तिथि 8 अगस्त 2025 है तथा अंतिम चयन 22 अगस्त 2025 को होगा। ऐसे में किसानों को सलाह दी जाती है कि वे इन तिथियों को ध्यान में रखकर समय पर आवेदन करें ताकि योजना का लाभ उठाया जा सके।

कहां से मिलेगी अधिक जानकारी?

अगर आप भी बिहार के किसान हैं और अपनी उपज की गुणवत्ता बढ़ाकर बाजार में बेहतर मूल्य पाना चाहते हैं, तो यह योजना आपके लिए वरदान साबित हो सकती है। योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए state.bihar.gov.in/prdbihar वेबसाइट पर विजिट करें या अपने जिले के कृषि या बागवानी कार्यालय से संपर्क करें। यह योजना किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार का एक और महत्वपूर्ण प्रयास है, जिससे उन्हें फसल के बाद होने वाले नुकसान से राहत मिलेगी और आय में सुधार होगा।

Related posts

Leave a Comment