नई दिल्ली: कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा डिजिटल इंडिया अभियान के तहत वर्ष 2025 में लॉन्च की गई Farmer ID किसानों के लिए एक बड़ी क्रांतिकारी पहल साबित हो रही है। यह एक डिजिटल कार्ड है, जिसमें किसान से जुड़ी जमीन, फसल, परिवार, मिट्टी की गुणवत्ता और पशुधन तक की सभी जानकारी सुरक्षित रूप से दर्ज रहेगी। इस डिजिटल प्रोफाइल के माध्यम से किसान किसी भी कृषि योजना का लाभ आसानी से उठा सकेंगे। मंत्रालय ने इसे किसानों के लिए “ATM कार्ड” जैसा बताया है, जिसका उपयोग वे अपनी कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान और लाभ उठाने में कर सकेंगे।
7.64 करोड़ किसान जुड़ चुके Farmer ID से
Farmer ID न केवल किसानों की व्यक्तिगत और कृषि संबंधी जानकारी को सुरक्षित रखती है, बल्कि सरकारी योजनाओं में दस्तावेज़ जमा कराने की जटिल प्रक्रिया से भी छुटकारा दिलाती है। पहले किसानों को हर योजना के लिए अलग-अलग कागजात देने पड़ते थे, जबकि अब Farmer ID से यह प्रक्रिया बेहद सरल हो गई है। इसके महत्व को देखते हुए बड़ी संख्या में किसान इससे जुड़ रहे हैं। अब तक देश में 7.64 करोड़ से अधिक Farmer ID बन चुकी हैं।
1.93 करोड़ महिला किसान भी शामिल
डिजिटल कृषि मिशन के तहत Farmer ID में सभी श्रेणियों के किसानों को शामिल किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में महिला किसान भी हैं। किसान रजिस्ट्री ऐप के माध्यम से काश्तकार (बटाईदार) और पट्टेदार (लीज़ पर खेती करने वाले) किसानों को भी जोड़ा जा सकता है। हर राज्य अपनी नीति के तहत तय करेगा कि वह इन वर्गों को रजिस्ट्री में शामिल करे या नहीं। 27 नवंबर 2025 तक कुल 7,63,72,702 Farmer ID बनाई जा चुकी हैं, जिनमें से 1.93 करोड़ महिला किसान हैं।
Farmer ID के बड़े फायदे
Farmer ID किसानों के लिए एक केंद्रीकृत सुविधा बनती जा रही है, जिसके कई लाभ सीधे किसान को मिलते हैं:
- सरकारी योजनाओं और सेवाओं तक पहुंच आसान हो जाएगी।
- योग्य किसान PM किसान और राज्य सरकार की किसान सम्मान निधि योजनाओं में स्वयं एनरोल कर सकेंगे।
- MSP और अन्य खरीद योजनाओं के तहत फसल खरीद जल्दी और बिना अतिरिक्त दस्तावेज़ के हो सकेगी।
- फसल के आधार पर डिजिटल फसल बीमा मिलेगा।
- किसान KCC (किसान क्रेडिट कार्ड) द्वारा तेजी से लोन प्राप्त कर सकेंगे।
- किसानों को बाजार और सेवाओं के अधिक विकल्प मिलेंगे।
- फसल, मिट्टी और मौसम के अनुसार डिजिटल सलाह उपलब्ध होगी।
- सरकारी योजनाओं के लाभों का समान वितरण सुनिश्चित होगा और योग्य लेकिन वंचित किसानों की पहचान आसानी से हो पाएगी।
Farmer ID क्यों ज़रूरी है?
भविष्य में केंद्र और राज्य सरकार की कई योजनाओं का लाभ उठाने के लिए Farmer ID अनिवार्य हो जाएगी।
- प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ लेने के लिए Farmer ID जरूरी होगी।
- कृषि विभाग की सभी प्रमुख योजनाओं तक पहुंच के लिए Farmer ID की आवश्यकता पड़ेगी।
- भविष्य में जमीन का नामांतरण (Name Transfer) और कृषि खरीद रजिस्ट्रेशन भी Farmer ID के बिना संभव नहीं होगा।
सरकार का मानना है कि Farmer ID, कृषि क्षेत्र में पारदर्शिता बढ़ाने, किसानों को तकनीक से जोड़ने और सरकारी लाभों को सीधे उचित व्यक्ति तक पहुंचाने में एक बड़ा टूल साबित होगी। यह डिजिटल कार्ड आने वाले वर्षों में खेती-बाड़ी को स्मार्ट, सुरक्षित और अधिक लाभदायक बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
ये भी पढ़ें: मीट उत्पादन में भारत बना चौथा सबसे बड़ा देश, दूध में नंबर-1 बरकरार
