चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ की दूसरी किस्त जारी कर दी। इस मौके पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि आज की किस्त जारी होने के साथ ही 7,01,965 लाभार्थी महिलाओं के खातों में लगभग 148 करोड़ रुपये की राशि सीधे पहुंचा दी गई है। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक न्याय अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण और अंत्योदय (सेवा) विभाग के मंत्री कृष्ण कुमार बेदी भी मौजूद रहे।
अब 3 माह के अंतराल पर मिलेगी किस्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने निर्णय लिया है कि योजना के तहत अब 3-3 माह के अंतराल पर किस्त जारी की जाएगी, और एक साथ 3 माह की राशि लाभार्थियों को मिलेगी। उनके अनुसार यह योजना केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं है, बल्कि महिलाओं के सामाजिक सशक्तिकरण और आर्थिक स्वावलंबन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
25 सितंबर को लॉन्च हुई थी ऐप
उन्होंने बताया कि ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी’ मोबाइल ऐप का शुभारंभ 25 सितंबर को पंडित दीन दयाल उपाध्याय की 109वीं जयंती के अवसर पर किया गया था। इसके बाद 1 नवंबर को पहली किस्त जारी कर पात्र महिलाओं को लाभ प्रदान किया गया। 30 नवंबर तक 9,00,592 महिलाओं ने आवेदन किया, जिनमें से 7,01,965 महिलाएं पात्र पाई गई हैं। इनमें से 5,58,346 महिलाओं ने आधार KYC पूरा कर लिया है, जबकि 1,43,619 महिलाओं का वेरिफिकेशन अभी लंबित है। मुख्यमंत्री ने अपील की कि जिन महिलाओं की KYC प्रक्रिया अधूरी है, वे जल्द इसे पूरा करें, ताकि उन्हें भी समय पर लाभ मिल सके।
टेक्नोलॉजी से बढ़ी पारदर्शिता
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना का लाभ 23 वर्ष या उससे अधिक आयु की सभी महिलाएं ले सकती हैं, जिनके परिवार की वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम है। यह योजना इसलिए भी खास है क्योंकि एक परिवार की सभी पात्र महिलाएं इसका लाभ उठा सकती हैं। पूरा आवेदन प्रोसेस पारदर्शी और ऑनलाइन है। महिलाएं ‘लाडो लक्ष्मी मोबाइल ऐप’ के जरिए कहीं से भी किसी भी समय आवेदन कर सकती हैं।
48 घंटे में पूरा होता है वेरिफिकेशन
आवेदन करने के बाद 24 से 48 घंटे के भीतर वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी कर ली जाती है। पात्र पाए जाने पर महिलाओं को SMS भेजकर बताया जाता है कि वे ऐप पर लाइव फोटो अपलोड करें। जैसे ही आधार डेटाबेस से ई-KYC पूरी होती है, सेवा विभाग योजना की ID जारी कर देता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह है और रोजाना 3 से 4 हजार नए आवेदन किए जा रहे हैं।
महिला कल्याण के साथ जन कल्याण योजनाओं पर भी फोकस
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि सरकार ने जन कल्याण के जो वादे किए थे, उन्हें पूरी जिम्मेदारी से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ‘हर घर-हर गृहिणी’ योजना के तहत 15 लाख से अधिक महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसके अलावा:
- किडनी रोगियों को फ्री डायलिसिस की सुविधा दी जा रही है।
- हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां किसानों की फसलों की MSP पर पूरी खरीद की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारी भी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव जी. अनुपमा, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के महानिदेशक मकरंद पांडुरंग, सेवा विभाग के निदेशक प्रशांत पंवार और विभाग की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) वर्षा खांगवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। हरियाणा सरकार की यह पहल महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता और सामाजिक सशक्तिकरण को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें: Farmer ID: अब तक 7.64 करोड़ से अधिक किसान जुड़े
