सरकारी योजनाएँ

बिहार: मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से ऐसे मिलेगी आर्थिक मदद

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना शुरू की गई है। इस योजना का उद्देश्य सूबे की महिलाओं को अपना मनपसंद रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक मदद प्रदान करना है।

महिलाओं के लिए क्या है नई योजना

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत हर परिवार की एक महिला को अपनी पसंद का रोजगार शुरू करने के लिए प्रारंभिक आर्थिक सहायता दी जाएगी। योजना के पहले चरण में महिलाओं को 10 हजार रुपए सीधे उनके बैंक खाते में भेजे जाएंगे। छह महीने के भीतर रोजगार का आंकलन किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर सरकार अतिरिक्त सहायता राशि के रूप में 2 लाख रुपए तक प्रदान कर सकती है। योजना के अंतर्गत राज्य के गांवों से लेकर शहरों तक महिलाओं के उत्पादों की बिक्री के लिए हाट बाजार विकसित किए जाएंगे, ताकि उनका व्यवसाय स्थानीय स्तर पर भी फल-फूल सके।

रकम सीधे बैंक खाते में

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स पर साझा पोस्ट में बताया कि यह योजना सितंबर महीने से लागू होगी और आर्थिक मदद सीधे महिलाओं के बैंक खाते में भेजी जाएगी। सरकार का मानना है कि इस योजना से महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी और उनके परिवार की आय में भी बढ़ोतरी होगी।

कैसे मिलेगा योजना का लाभ

इस योजना का लाभ उठाने के लिए महिलाओं को आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी और इसकी व्यवस्था ग्रामीण विकास विभाग द्वारा पूरी की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर नगर विकास एवं आवास विभाग भी इस प्रक्रिया में मदद करेगा। सीएम नीतीश कुमार ने भरोसा जताया है कि इस योजना से महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। साथ ही, राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और मजबूरी में लोगों को रोजगार के लिए राज्य के बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

Related posts

Leave a Comment