विदिशा: मध्य प्रदेश में गेहूं की खरीद को लेकर सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उनकी उपज का समय पर उठाव सुनिश्चित किया जा सके। इसी क्रम में केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा पहुंचकर हालात का जायजा लिया और भरोसा दिलाया कि हर किसान से गेहूं की खरीदी सुनिश्चित की जाएगी।
स्लॉट बुकिंग और सत्यापन में सुधार
मंत्री ने बताया कि शुरुआती दौर में गेहूं की खरीद के लिए स्लॉट बुकिंग को लेकर कुछ दिक्कतें सामने आई थीं, लेकिन अब इस समस्या का समाधान कर लिया गया है। सिस्टम को तेज किया गया है और अधिकांश किसानों के स्लॉट बुक हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया 23 मई तक जारी रहेगी और जल्द ही सभी किसानों के स्लॉट बुक हो जाएंगे।
पट्टे पर खेती करने वाले किसानों के लिए भी राहत की खबर है। जमीन मालिक की पुष्टि के बाद ऐसे किसानों की उपज भी खरीदी जा रही है। यदि किसी किसान को सत्यापन या अन्य किसी प्रकार की समस्या आती है, तो कलेक्ट्रेट में बनाए गए नियंत्रण कक्ष के माध्यम से तुरंत समाधान किया जा रहा है।
बारदाना और तौल व्यवस्था मजबूत
मंत्री के अनुसार अब बारदानों की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। जरूरत पड़ने पर पुराने बारदानों का उपयोग किया जा रहा है या उन्हें नए बारदानों से बदला जा रहा है। तौल व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। पहले जहां एक केंद्र पर 1000 क्विंटल तक खरीदी की सीमा थी, उसे बढ़ाकर 2250 क्विंटल कर दिया गया है। साथ ही तौल कांटों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है, जिससे खरीदी प्रक्रिया में तेजी आएगी।
जिलों में खरीदी की स्थिति
विदिशा जिले में 87,913 किसानों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 72,027 किसानों के स्लॉट बुक हो चुके हैं। अब तक 36,442 किसानों से 1,99,563 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। वहीं रायसेन जिले में 77,117 किसानों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 68,639 किसानों के स्लॉट बुक हुए हैं। यहां 32,374 किसानों से 1,80,199 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की गई है। सरकार का उद्देश्य खरीदी प्रक्रिया को सरल, तेज और पारदर्शी बनाना है, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर मिल सके।
ये भी पढ़ें: नहर सिंचाई अपनाएं, भूजल बचाएं: किसानों से भगवंत मान की अपील
