लखनऊ: राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पहली बार ‘यूपी पोल्ट्री कॉन्क्लेव-2026’ का आयोजन किया गया। 15 और 16 अप्रैल तक चलने वाले इस दो दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय पशुधन, मत्स्य एवं दुग्ध राज्यमंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल, प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह और उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस कॉन्क्लेव में बड़ी संख्या में पोल्ट्री पालक, हैचरी संचालक, उद्यमी, वैज्ञानिक, शोधकर्ता, पशु चिकित्सक और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
पोल्ट्री हब बनाने की दिशा में अहम कदम
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि यह कॉन्क्लेव उत्तर प्रदेश को पोल्ट्री हब बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस मंच के माध्यम से आधुनिक तकनीकों और नवाचारों की जानकारी साझा की जा रही है, जिससे पोल्ट्री क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और विकास को गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे प्रदेश अंडा उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने के साथ भविष्य में निर्यात की दिशा में भी आगे बढ़ेगा।
निवेश और तकनीकी सहयोग पर जोर
पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि राज्य सरकार पोल्ट्री क्षेत्र में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण और सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने उद्यमियों और प्रगतिशील किसानों से इस क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया। इस कॉन्क्लेव के जरिए निवेश के अवसर, तकनीकी जानकारी और साझेदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है।
सरकारी योजनाओं से मिलेगा लाभ
कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता और व्यावहारिक समाधानों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इससे पोल्ट्री क्षेत्र से जुड़े लोगों को नई दिशा और बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से किसानों को नई तकनीकों और योजनाओं की सही जानकारी मिलती है।
अंडा उत्पादन में तेजी से बढ़ोतरी
प्रदेश में अंडा उत्पादन में लगातार वृद्धि हो रही है। हाल के वर्षों में इसमें लगभग 29.88 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2024-25 में प्रदेश में करीब 611 करोड़ अंडों का उत्पादन हुआ है। सरकार ने अंडा उत्पादन को और बढ़ाने के लिए विशेष नीति लागू की है, जिसके तहत कई इकाइयों की स्थापना को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
उत्पादन बढ़ाने का लक्ष्य तय
अधिकारियों के अनुसार प्रदेश में रोजाना अंडों की मांग 3.5 से 5.5 करोड़ के बीच है, जबकि वर्तमान उत्पादन 1.5 से 2 करोड़ के आसपास है। इस अंतर को खत्म करने के लिए सरकार ने अगले दो वर्षों में उत्पादन को बढ़ाकर प्रतिदिन 3.5 करोड़ से अधिक करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए सब्सिडी, मुफ्त बिजली और नई नीतियों के जरिए किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मान
यूपी पोल्ट्री कॉन्क्लेव 2026 के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पशु चिकित्सा अधिकारियों, पोल्ट्री प्रोग्राम अधिकारियों और उद्यमियों को सम्मानित भी किया गया। इस आयोजन में विभिन्न विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी सत्र, मार्गदर्शन और संवाद के जरिए पोल्ट्री क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने का प्रयास किया गया।
ये भी पढ़ें: गेहूं के दाम एमएसपी से नीचे, किसानों की बढ़ी चिंता
