कृषि समाचार

आईजीकेवी कृषि प्रवेश काउंसलिंग 5 अगस्त से, जानें पूरा कार्यक्रम

IGKV agriculture admission counselling from August 5

रायपुर: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीकेवी) के अंतर्गत संचालित शासकीय एवं निजी कृषि महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के बी.एससी. कृषि ऑनर्स पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया 5 अगस्त से शुरू हो गई है। नवीन शिक्षा नीति के तहत आयोजित यह प्रवेश प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की जाएगी। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथियों का पालन करने और समय पर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की है।

पहले चरण की काउंसलिंग 14 अगस्त तक चलेगी

प्रवेश प्रक्रिया का पहला चरण 5 अगस्त से 14 अगस्त तक संचालित किया जाएगा। जिन अभ्यर्थियों का ऑनलाइन शुल्क भुगतान किसी कारणवश सफल नहीं हो पाया है, उन्हें 16 अगस्त को दोबारा शुल्क जमा करने का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद 18 अगस्त को प्रवेश परीक्षा की मेरिट सूची के आधार पर अभ्यर्थियों को अस्थायी रूप से सीट और महाविद्यालय का ऑनलाइन आवंटन किया जाएगा।

20 से 22 अगस्त तक होगा दस्तावेजों का सत्यापन

सीट आवंटित होने के बाद अभ्यर्थियों को 20 से 22 अगस्त के बीच आईजीकेवी, रायपुर में सुबह 8 बजे से शाम 5:30 बजे तक अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा। वहीं, आवंटित सीट सुरक्षित रखने के लिए 20 से 23 अगस्त तक ऑनलाइन प्रवेश शुल्क जमा करना अनिवार्य रहेगा। निर्धारित समय में शुल्क जमा नहीं करने पर सीट सुरक्षित नहीं मानी जाएगी।

अगले चरण के लिए आवेदन का भी मिलेगा अवसर

यदि किसी अभ्यर्थी को सीट आवंटित होने के बाद भी वह उसे सुरक्षित नहीं कर पाता और अगले चरण की काउंसलिंग में शामिल होना चाहता है, तो वह 20 से 24 अगस्त की रात्रि 11:30 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेगा। जिन अभ्यर्थियों को पहले चरण में कोई सीट नहीं मिली है, वे भी इसी अवधि में विशेष तथा परिवर्तन काउंसलिंग के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसी अवधि के दौरान वे अभ्यर्थी, जिन्होंने सीट सुरक्षित कर ली है लेकिन प्रवेश नहीं लेना चाहते, अपनी सीट ऑनलाइन निरस्त भी कर सकेंगे।

25 अगस्त से शुरू होगी विशेष एवं परिवर्तन काउंसलिंग

आईजीकेवी 25 अगस्त को आवंटित और रिक्त सीटों की जानकारी जारी करेगा। इसी दिन विशेष एवं परिवर्तन काउंसलिंग के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों की सूची भी जारी की जाएगी।

31 अगस्त से शुरू होगा सीट आवंटन

विशेष काउंसलिंग के तहत 31 अगस्त से 1 सितंबर के बीच अभ्यर्थियों को अस्थायी रूप से सीट और महाविद्यालय का आवंटन किया जाएगा। इन दोनों दिनों में अभ्यर्थियों को कृषि महाविद्यालय, रायपुर में उपस्थित होकर दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा और ऑनलाइन प्रवेश शुल्क भी जमा करना होगा।

2 सितंबर को होगी परिवर्तन काउंसलिंग

परिवर्तन काउंसलिंग 2 सितंबर को आयोजित की जाएगी। इस दिन सीट आवंटन, दस्तावेजों का सत्यापन और ऑनलाइन शुल्क जमा करने की पूरी प्रक्रिया कृषि महाविद्यालय, रायपुर में पूरी होगी। विश्वविद्यालय ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित नवीनतम जानकारी और दिशा-निर्देशों के लिए नियमित रूप से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन करते रहें।

ये भी पढ़ें: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में जंगली जानवरों से नुकसान भी होगा शामिल

Related posts

Leave a Comment