मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बागपत के श्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, छपरौली में किसान मसीहा चौधरी अजित सिंह की जयंती के मौके पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर सीएम योगी ने बागपत के औद्योगिक विकास के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की और बताया कि दिल्ली-बागपत-देहरादून एक्सप्रेसवे के पास एक इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चौधरी अजित सिंह किसानों के लिए संघर्षशील नेता थे और उनकी नीतियां हमेशा किसानों के हित में रही हैं। प्रदेश सरकार चौधरी अजित सिंह के विचारों को आगे बढ़ाते हुए किसानों की बेहतरी के लिए कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा में कहा कि उनकी सरकार किसानों के हित में कई ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। उन्होंने बताया कि पिछले आठ वर्षों में गन्ना किसानों को 2.72 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया है, जो कि अपने आप में एक रिकॉर्ड है। उन्होंने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा कि 1995 से 2017 तक जितना गन्ना मूल्य का भुगतान हुआ था, उतना ही भुगतान भाजपा सरकार ने महज आठ वर्षों में कर दिया। इसके अलावा, उन्होंने रमाला चीनी मिल के पुनर्निर्माण और इसे एक आधुनिक ऊर्जा उत्पादन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना की भी जानकारी दी, जिससे स्थानीय किसानों को उचित मूल्य मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी।
सीएम योगी ने गन्ना किसानों की समस्याओं को उजागर करते हुए कहा कि पहले गन्ना किसानों को भुगतान नहीं किया जाता था, जिससे उन्हें साहूकारों से सूद पर पैसे लेने के लिए मजबूर होना पड़ता था। अब, राज्य की 120 चीनी मिलों में से 105 मिलें एक सप्ताह के अंदर गन्ना मूल्य का भुगतान कर रही हैं। उन्होंने शेष 15 चीनी मिलों को जल्द से जल्द भुगतान करने के निर्देश दिए हैं और चेतावनी दी कि अगर वे समय पर भुगतान नहीं करेंगी, तो उन मिलों को नीलाम कर दिया जाएगा और किसानों को उनकी मिलों का मालिक बना दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बागपत में दिल्ली-बागपत-देहरादून एक्सप्रेसवे के साथ औद्योगिक कॉरिडोर के विकास की घोषणा की। उनका कहना था कि यह कॉरिडोर उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। इसके परिणामस्वरूप क्षेत्र में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे। इस कदम से बागपत को एक औद्योगिक और व्यापारिक हब के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा।
सीएम योगी ने इस मौके पर भारत सरकार की सीटू फसल अवशेषों के प्रबंधन योजना के तहत कृषि में मशीनीकरण को बढ़ावा देने के लिए दो महिलाओं को ट्रैक्टर देकर सम्मानित किया।
उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी से शुरू होने जा रहा है, और इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसानों के लिए कुछ बड़े एलान कर सकते हैं। किसानों की सहूलियत और हितों को ध्यान में रखते हुए बजट में कई अहम फैसले किए जा सकते हैं। इस दौरान किसानों को लेकर सीएम योगी कुछ अहम घोषणाएं कर सकते हैं, जिनसे उनके हित सशक्त हो सकते हैं।
