मंडी भाव

गेहूं के भाव में मजबूती, MSP से काफी ऊपर कारोबार

wheat prices

नई दिल्ली: देश के प्रमुख गेहूं उत्पादक राज्यों की कृषि उपज मंडियों में इस समय गेहूं के भाव मजबूत बने हुए हैं. कई प्रमुख बाजारों में कीमतें न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से काफी ऊपर कारोबार कर रही हैं. 28 दिसंबर 2025 को मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की कई मंडियों में गेहूं का मॉडल रेट 2500 से 2600 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया, जबकि कुछ चुनिंदा मंडियों में दाम 2800 से 2900 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं. मजबूत मांग और सीमित आवक के चलते बाजार में तेजी का रुख बना हुआ है.

मध्य प्रदेश की मंडियों में गेहूं के भाव ऊंचे

मध्य प्रदेश की प्रमुख गेहूं मंडियों में भाव लगातार मजबूत बने हुए हैं. इंदौर, गुना, नीमच और उज्जैन जैसे बड़े बाजारों में गेहूं ऊंचे स्तर पर कारोबार करता नजर आ रहा है. इंदौर मंडी में गेहूं का अधिकतम भाव 2933 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया, जबकि नीमच में यह करीब 2911 रुपये प्रति क्विंटल रहा. गुना और धार जैसे इलाकों में भी गेहूं 2850 रुपये प्रति क्विंटल से ऊपर बिकता देखा गया. हालांकि, गौतमपुरा और जबलपुर जैसी कुछ मंडियों में भाव 2200 से 2300 रुपये प्रति क्विंटल के दायरे में सीमित रहे.

मध्य प्रदेश की प्रमुख मंडियों के ताजा भाव

गौतमपुरा (इंदौर) में FAQ गेहूं 2215 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास रहा, जबकि जबलपुर में नॉन-FAQ गेहूं 2200 रुपये प्रति क्विंटल पर दर्ज किया गया. खातेगांव, देवास में गेहूं का औसत भाव 2500 रुपये रहा. बैरसिया, भोपाल और कैलारस, मुरैना में कीमतें करीब 2500 रुपये प्रति क्विंटल पर बनी रहीं. आगर, शाजापुर में गेहूं 2621 रुपये, गुना में 2890 रुपये, इंदौर में 2933 रुपये और नीमच में 2911 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया. धार में मालवा शक्ति किस्म का गेहूं 2850 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा.

उत्तर प्रदेश की मंडियों में भी MSP से ऊपर भाव

उत्तर प्रदेश की मंडियों में दड़ा किस्म के गेहूं के भाव भी मजबूत और स्थिर बने हुए हैं. बाराबंकी, जौनपुर, सहारनपुर और शामली जैसी प्रमुख मंडियों में गेहूं 2600 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास कारोबार करता नजर आया. वहीं बहराइच, बलरामपुर, रायबरेली और आजमगढ़ जैसे जिलों में भी गेहूं MSP से ऊपर बिक रहा है, जिससे किसानों को खुले बाजार में बेहतर दाम मिल रहे हैं.

यूपी की प्रमुख मंडियों में गेहूं के ताजा रेट

नानपारा, बहराइच और बलरामपुर में गेहूं 2450 से 2500 रुपये प्रति क्विंटल के बीच रहा. बस्ती और महाराजगंज में औसत भाव 2525 से 2530 रुपये रहा. बाराबंकी, जौनपुर और मिर्जापुर में गेहूं 2585 से 2600 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया. सहारनपुर और शामली में दाम 2600 रुपये के आसपास टिके रहे, जबकि मुगराबादशाहपुर, जौनपुर में अधिकतम भाव 2710 रुपये प्रति क्विंटल तक दर्ज किया गया.

MSP से ऊपर कारोबार, किसानों को बेहतर मुनाफा

गौरतलब है कि रबी मार्केटिंग सीजन 2025-26 के लिए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2425 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है. मौजूदा मंडी भाव इस MSP से ऊपर बने हुए हैं, जिससे किसानों को बेहतर रिटर्न मिल रहा है. वहीं, आगामी रबी मार्केटिंग सीजन 2026-27 के लिए गेहूं का MSP 2585 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया गया है, जिसे बाजार पहले से ही काफी हद तक रिफ्लेक्ट करता नजर आ रहा है.

गेहूं के रकबे में बढ़ोतरी से उत्पादन की उम्मीद

बीते सालों में गेहूं की मजबूत कीमतों से उत्साहित किसानों ने इस रबी सीजन में गेहूं की बुवाई बढ़ाई है. अनुकूल मानसून और मौसम के चलते बुवाई की रफ्तार तेज रही है. चालू रबी सीजन में गेहूं का रकबा 300 लाख हेक्टेयर के आंकड़े को पार कर चुका है. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, गेहूं की बुवाई में 1 लाख हेक्टेयर से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. अगर आगे भी मौसम का साथ बना रहा, तो इस साल गेहूं उत्पादन के नए रिकॉर्ड बनने की उम्मीद जताई जा रही है.

ये भी पढ़ें: गेहूं की खेती में सिंचाई प्रबंधन: सही समय पर पानी देगा बंपर पैदावार

Related posts

Leave a Comment