नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत देश के विभिन्न राज्यों के किसानों को बड़ी राहत देते हुए बीमा दावा राशि की पहली किस्त उनके बैंक खातों में जमा करा दी है। रबी 2024-25 सीजन के लिए जारी इस किस्त में 35 लाख किसानों को 3900 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया है। सबसे अधिक 1200 करोड़ रुपये की राशि राजस्थान के किसानों को दी गई है, जबकि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित कई अन्य राज्यों के किसानों को भी लाभ पहुंचाया गया है।
बीमा राशि का यह वितरण डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) प्रणाली के माध्यम से किया गया, जिससे राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंची। कार्यक्रम का आयोजन राजस्थान के झुंझुनू स्थित हवाई पट्टी पर किया गया, जिसमें विभिन्न जिलों से हजारों किसान शामिल हुए। देशभर के 23 राज्यों के लाखों किसान और अन्य हितधारक भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस कार्यक्रम से जुड़े।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत यह कदम किसानों को आपदा के समय आर्थिक संबल देने और पारदर्शी तरीके से सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। योजना के तहत यह सुनिश्चित किया गया है कि यदि बीमा कंपनियां निर्धारित समय सीमा में दावा राशि का भुगतान नहीं करती हैं, तो उन्हें 12% ब्याज देना होगा, जो सीधे किसानों के खाते में जमा किया जाएगा। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, रबी 2024-25 के लिए यह पहली किश्त है और आने वाले महीनों में शेष बीमा दावा राशि भी जारी की जाएगी। लगातार बदलते मौसम और प्राकृतिक आपदाओं के बीच यह योजना किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है, जिससे वे अपनी कृषि गतिविधियों को बिना आर्थिक दबाव के आगे बढ़ा सकें।
