कृषि समाचार

बिहार में धान की नई किस्म सबौर विभूति, 12 दिन बाढ़ में भी सुरक्षित

Sabour Vibhuti, a new rice variety in Bihar

भागलपुर: बिहार में खरीफ सीजन के दौरान बाढ़ और जलजमाव किसानों के लिए बड़ी समस्या बने रहते हैं। हर साल हजारों हेक्टेयर में धान की फसल बाढ़ की चपेट में आकर प्रभावित होती है। किसानों की इस समस्या को देखते हुए बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर ने धान की उन्नत किस्म ‘सबौर विभूति’ विकसित की है। इस किस्म की खासियत है कि यह 10 से 12 दिनों तक पानी में डूबे रहने के बावजूद काफी हद तक सुरक्षित रह सकती है। विश्वविद्यालय के अनुसंधान प्रक्षेत्र में इसका बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला है। शुरुआती आकलन के मुताबिक, लंबे समय तक जलमग्न रहने के बावजूद इस किस्म में फसल नुकसान लगभग 10 प्रतिशत तक रहने का अनुमान है।

बाढ़ और जलजमाव सहने में सक्षम है सबौर विभूति

बिहार कृषि विश्वविद्यालय की ओर से विकसित सबौर विभूति मध्यम अवधि में तैयार होने वाली धान की उन्नत किस्म है। इसकी औसत उपज क्षमता 55 से 60 क्विंटल प्रति हेक्टेयर बताई गई है। इसकी एक खासियत यह भी है कि इसका दाना और स्वरूप मंसूरी किस्म के धान जैसा है, जिससे यह किसानों और उपभोक्ताओं के लिए अच्छा विकल्प बन सकती है। फिलहाल विश्वविद्यालय के सबौर स्थित अनुसंधान प्रक्षेत्र में बीज उत्पादन के उद्देश्य से लगभग तीन एकड़ में इसकी खेती की गई है।

झुलसा रोग के प्रति भी है प्रतिरोधक क्षमता

सबौर विभूति किस्म को विकसित करते समय झुलसा रोग के प्रति प्रतिरोधक क्षमता पर विशेष ध्यान दिया गया है। विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों के अनुसार, जलमग्न रहने के बावजूद इस किस्म की फसल को अपेक्षाकृत कम नुकसान हुआ है। वहीं, धान की कुछ दूसरी किस्मों में झुलसा और अन्य रोगों का प्रकोप देखने को मिला है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने इस किस्म के बेहतर प्रदर्शन को किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया है। उन्होंने वैज्ञानिकों को विशेष खेत दिवस आयोजित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसान खुद इस किस्म की खूबियों और प्रदर्शन को समझ सकें।

धान के साथ श्रीअन्न की 6 नई किस्में भी तैयार

विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक डॉ. अमरेन्द्र कुमार के अनुसार, धान की अन्य उन्नत किस्मों के विकास के लिए जनन द्रव्य पर अनुसंधान जारी है। इसका उद्देश्य ऐसी किस्में विकसित करना है, जो बेहतर उत्पादन देने के साथ प्रमुख रोगों का भी मुकाबला कर सकें। इसके अलावा अखिल भारतीय समन्वित लघु धान्य अनुसंधान परियोजना के तहत श्रीअन्न की छह संभावित किस्में भी विकसित की गई हैं।

इन छह किस्मों पर चल रहा है काम

इन संभावित किस्मों में सबौर मडुआ-1, सबौर मडुआ-2, सबौर कंगनी-1, सबौर सॉवा-1, सबौर कुटकी-1 और सबौर कोदो-1 शामिल हैं। इन किस्मों के विकास और परीक्षण का उद्देश्य किसानों को बेहतर उत्पादन देने वाली उन्नत किस्में उपलब्ध कराना है। सबौर विभूति जैसी बाढ़ सहन करने वाली धान की किस्म किसानों के लिए खासतौर पर उपयोगी साबित हो सकती है, क्योंकि बिहार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में खेती के दौरान फसल नुकसान का जोखिम काफी अधिक रहता है।

ये भी पढ़ें: बिहार में आम और लीची के पुराने बागों पर मिलेगी 20 हजार रुपये सब्सिडी

Related posts

Leave a Comment