लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्यभर में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 जुलाई से राज्य में मॉनसून की गतिविधियां तेज हो जाएंगी और महीने के अंत तक झमाझम बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है। राजधानी लखनऊ में जहां एक ओर चिलचिलाती धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है, वहीं दूसरी ओर पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का खतरा मंडरा रहा है। 25 जुलाई यानी शुक्रवार को पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों और पूर्वी यूपी के अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने के आसार भी व्यक्त किए गए हैं।
लखनऊ के आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 25 जुलाई को गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर जिलों में भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। इसके अलावा प्रयागराज, चित्रकूट, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर और जौनपुर में भी तेज बारिश के संकेत हैं। बस्ती, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, गोंडा, कानपुर देहात और संत कबीर नगर में भी बादल गरजने और बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने चेताया है कि प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, देवरिया, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, जालौन, और झांसी समेत कई जिलों में वज्रपात की संभावना बनी हुई है। इन इलाकों में लोगों को अनावश्यक बाहर न निकलने, पेड़ों के नीचे न रुकने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 26 और 27 जुलाई को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है, हालांकि 27 जुलाई को पूर्वी यूपी में बारिश थोड़ी कमजोर रह सकती है। लेकिन 28 जुलाई से फिर से पश्चिमी यूपी में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है जो 30 जुलाई तक बनी रह सकती है।
उन्होंने बताया कि उत्तरी बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है, जिससे यूपी में मॉनसून फिर से सक्रिय हो गया है। इस प्रणाली के कारण राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में विशेष रूप से भारी वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने इस स्थिति को देखते हुए सभी जिलों के प्रशासन और आम नागरिकों को सतर्क रहने को कहा है। बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है और किसानों को खेतों में काम करने से पहले मौसम की जानकारी लेने की हिदायत दी गई है। राज्य भर में हो रही यह मॉनसूनी हलचल जहां किसानों के लिए राहत की खबर है, वहीं आम लोगों को फिलहाल सतर्कता बरतनी होगी।
