मौसम का हाल

देश में मौसम का डबल अटैक: कहीं बारिश तो कहीं कड़ाके की ठंड

double effect of weather

नई दिल्ली: देश में मौसम का दोतरफा असर देखने को मिल रहा है. जहां दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी है, वहीं उत्तर और मध्य भारत में ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों से आने वाली बर्फीली हवाओं ने राजस्थान में सर्दी का प्रभाव तेज कर दिया है. कई जिलों में रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है और शीतलहर की स्थिति बन गई है. खेतों में ओस जमने के कारण पाला पड़ने लगा है, जिससे रबी फसलों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है.

राजस्थान में हाड़ कंपा देने वाली सर्दी, कई शहरों में पारा 2.5°C से नीचे

राजस्थान में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है. शुक्रवार को राज्य के 15 से अधिक शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया. राजधानी जयपुर में भी इस सीजन पहली बार पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंचा और न्यूनतम तापमान 9.2°C दर्ज हुआ. बीते 24 घंटों में प्रदेश का सबसे ठंडा क्षेत्र सीकर का फतेहपुर रहा, जहां तापमान मात्र 1.9°C रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा बीकानेर के लूणकरणसर में 3.2°C, सीकर में 3°C, नागौर में 3.1°C, अलवर में 5.4°C, दौसा में 4.6°C और झुंझुनूं में 6.4°C तापमान दर्ज हुआ.

मौसम विभाग का पूर्वानुमान: अभी एक हफ्ते और नहीं मिलेगी राहत

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक राजस्थान का मौसम साफ रहने वाला है और तापमान में कोई बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं होगा. शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री के बीच बना रह सकता है. कई क्षेत्रों में शीतलहर चलने के आसार हैं. दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाओं से तापमान बेहद कम दर्ज हो रहा है. अलवर, पिलानी, सीकर, उदयपुर, चूरू, बारां, सिरोही, करौली, प्रतापगढ़, झुंझुनूं और पाली में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है.

फसलों पर पाले का खतरा, किसानों ने शुरू किए बचाव के उपाय

राजस्थान के सिरोही जिले में शुक्रवार को अधिकतम तापमान मात्र 22°C रिकॉर्ड किया गया, जो पूरे राज्य में सबसे ठंडा दिन रहा. पाला पड़ने से सरसों, चना, सब्जियों और रबी फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है. किसान खेतों में धुआं करने, नियमित सिंचाई और तापमान संतुलित रखने जैसे उपाय अपना रहे हैं, ताकि फसलें पाले की मार से बच सकें.

उत्तराखंड के बागेश्वर में भी ठंड का प्रकोप, तापमान 1°C तक गिरा

उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में दिसंबर की शुरुआत के साथ ही कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है. यहां न्यूनतम तापमान 1°C से 8°C के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है. बादलों के कारण धूप सुबह-शाम आंख मिचौली कर रही है, जिससे ठंड और बढ़ गई है. स्थानीय लोग और व्यापारी जगह-जगह अलाव जलाकर सर्दी से बचाव कर रहे हैं.

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की चेतावनी, घाटियों में घना कोहरा

कौसानी, शामा, कपकोट, भराड़ी और आसपास के क्षेत्रों में पाला और कोहरा आम हो गया है. बर्फीली हवाओं ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है. आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट पर रखा गया है और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है. प्रशासन ने मुख्य चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की है, जिससे राहगीर और स्थानीय लोग ठंड से राहत पा सकें.

ये भी पढ़ें: लाडो लक्ष्मी योजना की दूसरी किस्त जारी, 7 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ

Related posts

Leave a Comment