नई दिल्ली: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने शुक्रवार को कहा कि राज्य का लक्ष्य कृषि को केवल जीविका का साधन नहीं, बल्कि एक स्थायी और मुनाफे वाला व्यवसाय बनाना है। सैनी राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित 20वें सीआईआई भारत-अफ्रीका व्यापार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा खेती से लेकर उपज की बिक्री तक, हर स्तर पर किसानों का समर्थन करने के लिए लगातार काम कर रहा है।
हरियाणा मॉडल से अफ्रीका को लाभ
मुख्यमंत्री सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत और अफ्रीका कृषि, कौशल विकास, शिक्षा और डिजिटल सार्वजनिक वस्तुओं सहित कई क्षेत्रों में आपसी विश्वास और सहयोग का भविष्य बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा ने कृषि में जिन नई तकनीकों और इनोवेशंस को अपनाया है, उन्हें अफ्रीकी देशों में भी लागू किया जा सकता है।
‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल का जिक्र
सीएम सैनी ने राज्य सरकार के ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल को गेम-चेंजर करार दिया। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल किसानों को योजनाओं और सेवाओं तक आसान पहुंच प्रदान करता है, उपज बेचने में मदद करता है और समय पर भुगतान सुनिश्चित करता है। उन्होंने जोर दिया कि टेक्नोलॉजी और इनोवेशन न केवल बेहतर उपज और संसाधनों के प्रबंधन में मदद कर रहे हैं, बल्कि किसानों को व्यापक बाजार पहुंच भी उपलब्ध करा रहे हैं।
भारत में कृषि तकनीक की क्रांति
सम्मेलन में मॉरीशस के वाणिज्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री जॉन माइकल त्जून साओ येउंग सिक यूएन ने कहा कि कृषि केवल आय का साधन नहीं बल्कि अर्थव्यवस्थाओं की रीढ़ और सामाजिक विकास का आधार है। उन्होंने कहा कि भारत द्वारा कृषि में ड्रोन तकनीक और रीयल-टाइम डेटा एप्लिकेशन्स अपनाने से खेती के तौर-तरीकों में क्रांति आई है। मॉरीशस भी अपने कृषि उत्पादन को बढ़ाने के लिए इन तकनीकों का लाभ उठा सकता है।
जिम्बाब्वे का अनुभव और चुनौतियां
जिम्बाब्वे के भूमि, कृषि, मत्स्य पालन, जल और ग्रामीण विकास उप मंत्री वांगेलिस पीटर हरिताटोस ने कहा कि कृषि विशेष रूप से विकासशील देशों में आजीविका का प्रमुख साधन बनी हुई है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन, जनसंख्या वृद्धि और संसाधनों की कमी जैसी चुनौतियों का उल्लेख किया और कहा कि भारत-अफ्रीका साझेदारी में उत्पादन, वैल्यू एडिशन, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर, वित्त और बाजार पहुंच पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
अफ्रीका में कृषि की अपार संभावनाएं
सीआईआई के अध्यक्ष और टाटा केमिकल्स लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ आर मुकुंदन ने कहा कि भारत का मजबूत कृषि आधार अफ्रीका के लिए एक आदर्श मॉडल बन सकता है। उन्होंने कहा कि अफ्रीका में कृषि क्षेत्र में असीम संभावनाएं हैं और कटाई के बाद के बुनियादी ढांचे में निवेश, मजबूत सप्लाई चेन और निर्णय लेने में महिलाओं व युवाओं की भागीदारी अहम होगी।
