खेती-किसानी

सालभर करें सब्जियों की खेती, जानें किस महीने कौन सी फसल लगाएं

Cultivate vegetables throughout the year

नई दिल्ली: खेती में अच्छा मुनाफा कमाने के लिए सिर्फ मेहनत करना ही काफी नहीं है, बल्कि सही मौसम में सही फसल का चुनाव करना भी बेहद जरूरी है। कई बार किसान गलत समय पर बुवाई कर देते हैं, जिससे फसल की पैदावार और गुणवत्ता प्रभावित होती है। वहीं, मौसम के अनुसार सब्जियों की खेती करने से बेहतर उत्पादन और आमदनी हासिल की जा सकती है। किसानों की इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए यहां जनवरी से दिसंबर तक हर महीने उगाई जाने वाली प्रमुख सब्जियों की जानकारी दी जा रही है।

जनवरी से अप्रैल तक इन सब्जियों की करें खेती

साल की शुरुआत में किसान मौसम के अनुकूल कई सब्जियों की खेती कर सकते हैं। जनवरी में पालक, बैंगन, शिमला मिर्च, राजमा और मूली की बुवाई की जा सकती है। फरवरी में भिंडी, अरबी, लोबिया, करेला, लौकी, तुरई, पेठा, तरबूज, खरबूज, पालक, राजमा, शिमला मिर्च, ग्वार, खीरा, ककड़ी, गोभी और बैंगन की खेती कर सकते हैं। मार्च में पालक, अरबी, करेला, भिंडी, लौकी, तुरई, पेठा, ग्वार, खीरा, ककड़ी, लोबिया, खरबूज और तरबूज उगाए जा सकते हैं। वहीं, अप्रैल में मूली की खेती की जा सकती है।

मई से अगस्त तक इन फसलों पर दें ध्यान

मई में किसान मिर्च, मूली, प्याज, बैंगन और गोभी की खेती कर सकते हैं। जून में खरीफ मौसम की शुरुआत के साथ प्याज, टमाटर, भिंडी, बीन, पेठा, तुरई, लौकी, गोभी, करेला, लोबिया, खीरा और ककड़ी की बुवाई की जा सकती है। जुलाई में मूली, भिंडी, टमाटर, पेठा, तुरई, लोबिया, करेला, लौकी, खीरा और ककड़ी की खेती उपयुक्त रहती है। अगस्त में किसान धनिया, पालक, राई, गाजर, शलजम, गोभी, बीन और टमाटर लगा सकते हैं।

सितंबर से दिसंबर तक उगाएं ये सब्जियां

सितंबर से सर्दियों की सब्जियों की बुवाई का समय शुरू हो जाता है। इस महीने ब्रोकोली, पालक, मूली, राई, टमाटर, आलू, गोभी, शलजम, गाजर, पत्तागोभी, धनिया और सौंफ की खेती की जा सकती है। अक्टूबर में ब्रसेल्स स्प्राउट, लहसुन, राई, हरी प्याज, ब्रोकोली, पालक, मूली, टमाटर, आलू, गोभी, शलजम, गाजर, पत्तागोभी, धनिया, सौंफ, राजमा, मटर और बैंगन की बुवाई कर सकते हैं।

नवंबर और दिसंबर में इन फसलों की करें बुवाई

नवंबर में पालक, मूली, पत्तागोभी, लहसुन, राई, आलू, गोभी, शलजम, मटर, शिमला मिर्च, चुकंदर और टमाटर की खेती की जा सकती है। वहीं, दिसंबर में प्याज, बैंगन, पत्तागोभी, पालक, मूली, राई और टमाटर की खेती की जा सकती है।

खेती से पहले इन बातों का रखें ध्यान

किसानों को ध्यान रखना चाहिए कि अलग-अलग फसलों की बुवाई का सही समय क्षेत्र की जलवायु, तापमान, मिट्टी और सिंचाई की उपलब्धता के अनुसार बदल सकता है। इसलिए किसी भी फसल की बुवाई करने से पहले स्थानीय कृषि विज्ञान केंद्र या कृषि विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें। साथ ही, बाजार में मांग और संभावित कीमतों की जानकारी लेकर फसल का चुनाव करें। इससे उत्पादन के साथ-साथ बेहतर मुनाफा प्राप्त करने की संभावना बढ़ सकती है।

ये भी पढ़ें: बांस की खेती से होगी अच्छी कमाई, जानें किस्में और खेती का तरीका

Related posts

Leave a Comment