कृषि समाचार

पीएम किसान योजना: 20वीं किस्त को लेकर बढ़ा इंतजार, 18 जुलाई को मोतिहारी से हो सकती है घोषणा

नई दिल्ली: देश के करोड़ों किसानों को राहत देने वाली प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) की 20वीं किस्त को लेकर इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। जून महीने से ही किसान इस किस्त की राह देख रहे हैं, लेकिन जुलाई का दूसरा सप्ताह शुरू हो जाने के बावजूद अब तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है। ऐसे में किसानों की बेचैनी और नाराजगी दोनों बढ़ती जा रही है।

फरवरी में आई थी पिछली किस्त

गौरतलब है कि पीएम किसान योजना की पिछली यानी 19वीं किस्त 24 फरवरी 2025 को जारी की गई थी। आमतौर पर योजना के तहत प्रत्येक किस्त चार-चार महीने के अंतराल पर किसानों के खाते में ट्रांसफर की जाती है। ऐसे में उम्मीद की जा रही थी कि जून में 20वीं किस्त जारी हो जाएगी, लेकिन अब जुलाई में इसकी संभावनाएं जताई जा रही हैं।

विदेश दौरे के बाद किस्त पर मुहर की उम्मीद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 जुलाई से 9 जुलाई तक विदेश दौरे पर हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि वे देश लौटने के बाद ही 20वीं किस्त पर फैसला लेंगे। पीएम किसान योजना की किस्तें खुद प्रधानमंत्री के द्वारा डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के जरिए किसानों के खाते में भेजी जाती हैं। यही कारण है कि कई जानकार 9 जुलाई के बाद किसी भी दिन किस्त जारी होने की संभावना जता रहे हैं।

पात्रता सत्यापन बना वजह

सरकारी स्तर पर इस देरी का एक कारण किसानों के डेटा का पुनः सत्यापन भी बताया जा रहा है। सरकार किसानों की पात्रता जांचने, उनकी किसान आईडी बनाने और फॉर्म की त्रुटियों को सुधारने के काम में जुटी है। इसलिए अनुमान लगाया जा रहा है कि इन्हीं प्रक्रियाओं के चलते किस्त के वितरण में विलंब हो रहा है। हालांकि सरकार की तरफ से इस पर कोई ठोस स्पष्टीकरण नहीं आया है।

मोतिहारी से हो सकती है किस्त जारी

इस बार एक और अहम बात चर्चा में है कि प्रधानमंत्री किसान योजना की 20वीं किस्त बिहार के मोतिहारी से जारी की जा सकती है। यह अटकलें इसलिए भी तेज हैं क्योंकि 18 जुलाई को पीएम मोदी मोतिहारी के गांधी मैदान में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करने जा रहे हैं। इस दौरान वे राज्य को कई परियोजनाओं की सौगात भी देंगे। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि इस जनसभा के मंच से ही पीएम किसान की 20वीं किस्त का भी शुभारंभ हो सकता है।

बिहार चुनाव के मद्देनजर रणनीति?

चूंकि बिहार में विधानसभा चुनाव निकट हैं, ऐसे में सरकार की ओर से इस किस्त को राजनीतिक तौर पर भी अहम माना जा रहा है। पहले भी सरकार ने कई किस्तें चुनावी राज्यों से ही जारी की हैं। ऐसे में इस बार मोतिहारी से किस्त जारी करने की संभावना को बल मिल रहा है।

अंतिम तारीख पर नजरें

सूत्रों के मुताबिक, पीएम किसान योजना की 20वीं किस्त 18 जुलाई 2025 को किसानों के खाते में ट्रांसफर की जा सकती है। हालांकि अभी तक सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। लेकिन 18 जुलाई को पीएम के बिहार दौरे और कार्यक्रम को देखते हुए यह तारीख सबसे उपयुक्त मानी जा रही है। फिलहाल करोड़ों किसान सरकार की ओर से हरी झंडी मिलने का इंतजार कर रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरे से लौटते ही इस संबंध में कोई बड़ी घोषणा होगी और लंबे इंतजार के बाद किसानों को राहत मिलेगी।

Related posts

Leave a Comment