उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मॉनसून की रफ्तार तेज होने वाली है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश में 11, 12 और 15 सितंबर को कई जिलों में तेज बारिश देखने को मिल सकती है। फिलहाल राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में चिपचिपी गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही है।
11 सितंबर से बदलेगा मौसम
लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 10 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दिन भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। लेकिन 11 सितंबर से प्रदेश के दोनों हिस्सों में बारिश बढ़ने लगेगी। इस दौरान पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि पश्चिमी यूपी में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
आज जिन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है उनमें शामिल हैं: गोरखपुर, संतकबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच और लखीमपुर खीरी। वहीं 12 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के उत्तरी इलाकों में भी भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग का कहना है कि 15 सितंबर तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इस बीच लखनऊ में आज आसमान साफ रहेगा और तेज धूप से उमस और अधिक बढ़ जाएगी।
तापमान में आएगी गिरावट
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि मॉनसून की द्रोणिका यूपी की ओर खिसक रही है, जिसके चलते बारिश की प्रबल संभावना है। बारिश शुरू होते ही अधिकतम तापमान में थोड़ी कमी आएगी और उमस से राहत मिलेगी। यूपी में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदलता रहेगा। पूर्वी यूपी में भारी बारिश और पश्चिमी यूपी में बौछारों की संभावना है। किसानों और आम जनता को सतर्क रहने की सलाह दी गई है ताकि फसलों और जनजीवन पर बारिश का कम से कम असर पड़े।
यह भी पढ़ें: बिहार: इस योजना से बाढ़ प्रभावित किसानों को मिलेगा मुआवजा
