मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटे में हो सकती है अच्छी बारिश, गर्मी से मिलेगी राहत

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए मौसम से जुड़ी एक राहतभरी खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि अगले 24 घंटों के भीतर प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है। राजधानी लखनऊ सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं, लेकिन मेरठ, मुजफ्फरनगर और झांसी जैसे जिलों में हाल ही में बारिश दर्ज की गई है, जिससे कुछ हद तक राहत मिली है। इनमें मेरठ में सबसे ज्यादा 108.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।

आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने जानकारी दी कि 24 जुलाई यानी गुरुवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि सोनभद्र, चंदौली, मिर्जापुर, वाराणसी, बलिया, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी, चित्रकूट, बांदा, महोबा और ललितपुर जैसे जिलों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। गुरुवार की शाम से मौसम में धीरे-धीरे बदलाव शुरू होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में 24 जुलाई को एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से 25 जुलाई से प्रदेश के दोनों भागों पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश की स्थिति बन सकती है। इस बारिश के कारण तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट संभव है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

वर्तमान में प्रदेश के कई जिलों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। बुधवार को बलिया में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गोरखपुर में 37.8 डिग्री, बहराइच में 37.2 डिग्री, कानपुर में 36.5 डिग्री और फुरसतगंज में 36.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। बलिया में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं गाजीपुर, बस्ती, फतेहगढ़ और प्रयागराज जैसे जिलों में भी तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

राज्य के विभिन्न हिस्सों में हुई हालिया बारिश ने लोगों को राहत जरूर दी है। मेरठ के अलावा मुजफ्फरनगर में 52 मिमी, शाहजहांपुर में 21.4 मिमी, झांसी में 5.1 मिमी और कानपुर ग्रामीण में 24.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। आईएमडी ने प्रदेशवासियों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदलने की पूरी संभावना है और राज्य में मानसूनी सक्रियता के कारण वर्षा की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। इससे गर्मी से राहत मिलने के साथ-साथ किसानों को भी खेती के लिए आवश्यक पानी मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

Related posts

Leave a Comment