कृषि समाचार

हरियाणा में धान खरीद घोटाला उजागर, अब तक 25 अधिकारी गिरफ्तार

Paddy procurement scam in Haryana

करनाल: हरियाणा में धान खरीद प्रक्रिया के दौरान फर्जी गेट पास जारी करने का बड़ा घोटाला सामने आया है। प्रशासन ने करनाल जिले की विभिन्न मंडियों में हुए अनियमितताओं का खुलासा करते हुए कई अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीन मामलों में करनाल के पूर्व डीएफएससी अनिल कुमार, पूर्व मंडी सचिव आशा रानी, जुंडला मंडी सचिव दीपक और असंध मंडी के तत्कालीन सचिव कृष्ण धनखड़ को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया गया है।

दो एसआईटी टीमों का गठन

डीएसपी राजीव ने बताया कि एसपी के निर्देश पर दो विशेष जांच टीमें गठित की गईं। एक टीम उनके नेतृत्व में और दूसरी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांची सिंद्यल के नेतृत्व में बनाई गई। अलग-अलग थानों में छह मामले दर्ज किए गए हैं। तरावड़ी मंडी से संबंधित मामले में पूर्व डीएफएससी अनिल कुमार को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि खरीद प्रक्रिया के दौरान कमीशन लिया गया। पुलिस ने एक दिन का रिमांड लिया है और पूछताछ जारी है।

मंडी सचिव भी गिरफ्त में

बतान राइस मिलर्स, जुंडला मंडी से जुड़े मामले में करनाल मंडी की तत्कालीन सचिव आशा रानी और जुंडला मंडी सचिव दीपक को गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। असंध मंडी के पूर्व सचिव कृष्ण धनखड़ को भी तीन दिन के रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस के अनुसार रिमांड के दौरान रिकवरी और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

पोर्टल में फर्जीवाड़ा कर जारी किए गेट पास

जांच में सामने आया कि “मेरी फसल मेरा ब्यौरा” पोर्टल पर फर्जी प्रविष्टियां कर धान की काल्पनिक खरीद दिखाई गई। जिन किसानों के पास कम या बिल्कुल जमीन नहीं थी, उनके नाम पर अधिक मात्रा में धान खरीद दर्शाई गई और फर्जी गेट पास जारी किए गए। बाद में कमी पूरी करने के लिए दिल्ली, उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों से कम दर पर धान खरीदकर स्टॉक दर्शाने का प्रयास किया गया।

25 लोग अब तक गिरफ्तार

डीएसपी राजीव के अनुसार अब तक इस धान घोटाले में 25 अधिकारी, कर्मचारी, निजी ऑपरेटर, राइस मिलर्स और आढ़ती गिरफ्तार किए जा चुके हैं। सभी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं।

ये भी पढ़ें: मार्च में उड़द की खेती से बढ़ेगी आमदनी, VBN-8 किस्म की मांग तेज

Related posts

Leave a Comment