जयपुर: राजस्थान के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। प्रदेश सरकार ने रबी विपणन सीजन 2026 के लिए गेहूं खरीद की तारीखें तय कर दी हैं। सरकारी सूचना के मुताबिक, राजस्थान में MSP पर गेहूं की खरीद 10 मार्च से शुरू होकर 30 जून 2026 तक चलेगी। गेहूं बेचने के लिए किसानों को पहले रजिस्ट्रेशन कराना होगा, जिसकी प्रक्रिया 1 फरवरी से शुरू होकर 25 जून तक चलेगी।
किन एजेंसियों के जरिए होगी गेहूं की खरीद
राजस्थान सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अनुसार, इस साल गेहूं खरीद का काम भारतीय खाद्य निगम (FCI), राजफेड, तिलम संघ, नेफेड और एनसीसीएफ के साथ-साथ राजस्थान राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के माध्यम से भी किया जाएगा। पहली बार राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम को गेहूं खरीद प्रक्रिया में शामिल किया गया है, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अधिक विकल्प मिलेंगे।
किसानों को मिलेगी पूरी जानकारी और सहायता
सरकार के अनुसार राजस्थान में MSP पर गेहूं की बिक्री के लिए सारी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। पंजीकरण प्रक्रिया, खरीद केंद्रों की सूची और अन्य जरूरी जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। किसी भी तरह की समस्या या जानकारी के लिए किसान टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14435 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा गेहूं खरीद से जुड़ी अहम सूचनाएं किसानों को एसएमएस के जरिए भी दी जाएंगी।
इस वेबसाइट पर कराएं गेहूं बिक्री का रजिस्ट्रेशन
राजस्थान सरकार ने इस साल गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। किसान गेहूं बिक्री के लिए खुद या ई-मित्र केंद्र के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इसके लिए नागरिक आपूर्ति विभाग की वेबसाइट पर आवेदन करना होगा। रजिस्ट्रेशन के लिए आधार कार्ड अनिवार्य है।
बैंक खाते में ऑनलाइन मिलेगा भुगतान
गेहूं की बिक्री के बाद किसानों को भुगतान सीधे उनके बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर किया जाएगा। इसके लिए जरूरी है कि किसान का बैंक खाता आधार से लिंक और अपडेटेड हो। रजिस्ट्रेशन, भुगतान और खरीद से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए किसान टोल फ्री नंबर पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें: मिट्टी में ऑर्गेनिक कार्बन बढ़ाना ही कृषि की सबसे बड़ी जरूरत: विशेषज्ञ
