खेती-किसानी

केले की खेती से बढ़ाएं आमदनी, सही समय पर करें पौधों की रोपाई

Increase income through banana cultivation

नई दिल्ली: पारंपरिक फसलों से हटकर कुछ अलग खेती करने की योजना बना रहे किसानों के लिए केले की खेती अच्छा विकल्प हो सकती है। इसकी बाजार में सालभर मांग बनी रहती है। खास बात यह है कि एक बार पौधे लगाने के बाद उनसे मुख्य फसल के साथ आगे भी उत्पादन लिया जा सकता है। किसान केले की खेती के साथ दूसरी फसलें उगाकर आमदनी के अतिरिक्त साधन भी तैयार कर सकते हैं। हालांकि, बेहतर उत्पादन के लिए पौधों का चुनाव, समय पर रोपाई और उचित देखभाल बेहद जरूरी है।

सही समय पर करें खेत की तैयारी

केले की खेती के लिए सबसे पहले खेत को अच्छी तरह तैयार करना चाहिए। इसके लिए अप्रैल और मई में खेत की गहरी जुताई करना फायदेमंद रहता है। इससे मिट्टी में मौजूद हानिकारक कीटों, दीमक और खरपतवार को नियंत्रित करने में मदद मिलती है। साथ ही मिट्टी भी पौधों की रोपाई के लिए बेहतर तैयार हो जाती है। अधिकारी के मुताबिक, एक बीघा खेत में लगभग 8 से 12 ट्रॉली अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद डालनी चाहिए। खाद पूरी तरह काली और भुरभुरी होनी चाहिए, ताकि पौधों को पर्याप्त पोषण मिल सके। जून में खाद डालने के बाद खेत की दोबारा जुताई करनी चाहिए। इसके बाद जुलाई से 10 अगस्त तक पौधों की रोपाई का समय उपयुक्त माना गया है।

देरी से रोपाई करने पर घट सकता है उत्पादन

केले की खेती में रोपाई का सही समय काफी महत्वपूर्ण है। राम सिंह के अनुसार, यदि किसान 10 अगस्त के बाद पौधे लगाते हैं तो फसल के उत्पादन और गुणवत्ता पर असर पड़ सकता है। देरी से रोपाई करने पर फल का आकार छोटा रहने और पैदावार घटने की आशंका रहती है। इसलिए किसानों को मौसम और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए निर्धारित समय के भीतर रोपाई पूरी कर लेनी चाहिए।

स्वस्थ और प्रमाणित पौधों का ही करें चयन

अच्छी पैदावार के लिए केले के पौधों का चुनाव सावधानी से करना चाहिए। उद्यान अधिकारी ने किसानों को सलाह दी है कि पौधे हमेशा भरोसेमंद और प्रमाणित स्रोत से ही खरीदें। पौधे खरीदते समय पक्का बिल जरूर लें, ताकि उनकी गुणवत्ता और स्रोत की जानकारी उपलब्ध रहे। उन्होंने 6 से 8 साइकिल वाले स्वस्थ पौधों को बेहतर गुणवत्ता वाली घार प्राप्त करने के लिए उपयोगी बताया है।

रोपाई के बाद ऐसे करें पौधों की देखभाल

केले के पौधे लगाने के बाद शुरुआती 10 से 12 दिनों तक उन्हें मिट्टी में अच्छी तरह जमने का समय देना चाहिए। इसके बाद पौधों की जरूरत के अनुसार खाद और पोषक तत्वों का इस्तेमाल करें। किसान एनपीके खाद का प्रयोग कर सकते हैं। इसकी उपलब्धता नहीं होने पर कृषि विशेषज्ञों की सलाह से डीएपी और यूरिया का उपयोग भी किया जा सकता है।

खरपतवार नियंत्रण और सिंचाई पर दें ध्यान

केले के खेत में खरपतवार को बढ़ने नहीं देना चाहिए। समय-समय पर खेत की सफाई करें और पौधों की जरूरत के अनुसार सिंचाई करते रहें। उनकी बढ़वार पर नियमित नजर रखना भी जरूरी है। यदि पौधों में किसी बीमारी या कीट का प्रकोप दिखाई दे तो बिना देरी किए कृषि विज्ञान केंद्र या उद्यान विभाग के विशेषज्ञों से सलाह लें। सही समय पर रोपाई, संतुलित पोषण और नियमित देखभाल से किसान केले की खेती से बेहतर उत्पादन और आमदनी हासिल कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें: गेहूं की नई किस्म एचडी 3463, काले और पीले रतुआ रोग से सुरक्षित

Related posts

Leave a Comment