नई दिल्ली: देश भर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार 20 मार्च तक उत्तर-पश्चिम भारत और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में ओलावृष्टि का खतरा बना हुआ है।
कई राज्यों में तेज हवाओं और बारिश का असर
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य और पूर्वी भारत में भी 22 मार्च तक आंधी-तूफान और तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रह सकती है। कई इलाकों में 50 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
दक्षिण भारत में भी बारिश के आसार
देश के दक्षिणी हिस्सों में भी मौसम का असर देखने को मिल रहा है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कुछ क्षेत्रों में बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। कई जगहों पर तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है और अगले एक सप्ताह तक लू चलने की संभावना नहीं है।
दिल्ली-एनसीआर में बादल और बारिश
दिल्ली-एनसीआर में 20 मार्च को दिनभर बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 21 मार्च से उत्तर भारत में मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी। हालांकि 22 मार्च के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ फिर से मौसम को प्रभावित कर सकता है। पूर्वी और मध्य भारत में भी कुछ दिनों बाद स्थिति सामान्य होने की संभावना है, जबकि दक्षिण भारत में 23 मार्च तक रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती है।
किसानों और पशुपालकों के लिए सलाह
किसानों को सलाह दी गई है कि कटाई की गई फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखें और उन्हें ढककर रखें। खेतों में जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखें ताकि पानी जमा न हो। तेज हवाओं से बचाव के लिए बागवानी फसलों को सहारा दें। वहीं पशुपालकों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें और चारे तथा पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करें।
ये भी पढ़ें: देश के कई हिस्सों में अगले तीन दिन बारिश, ओलावृष्टि व तेज हवाओं का अलर्ट
