लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हुई हल्की बारिश और गरज-चमक के बाद राज्य के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लखनऊ स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक उत्तरी पंजाब के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिणी हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण पश्चिमी और पूर्वी हवाओं के बीच टकराव की स्थिति बनी, जिससे राज्य के कई हिस्सों में मौसम प्रभावित हुआ। शनिवार रात से ही राज्य के उत्तरी तराई क्षेत्रों और उनसे सटे मध्य जिलों में रुक-रुककर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ रही हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मेरठ में लगभग 2.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि बरेली में 2.5 मिलीमीटर, मुरादाबाद में 1.2 मिलीमीटर और बहराइच में 0.6 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना
मौसम विभाग ने गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर जिलों के कुछ क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ मध्यम गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा पूरे प्रदेश में बिजली कड़कने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना भी बनी हुई है।
कई जिलों में सामान्य से अधिक तापमान
लखनऊ में रविवार को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 5.6 डिग्री अधिक है। इटावा में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 6.9 डिग्री अधिक है। फतेहगढ़ में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से लगभग 6.5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
बस्ती में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से लगभग 5.9 डिग्री अधिक है। वहीं आगरा में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि बलिया में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 4 डिग्री अधिक है।
19 मार्च से फिर सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान मौसम प्रणाली 16 मार्च तक सक्रिय रहने की संभावना है। इसके बाद 17 और 18 मार्च को मौसम शुष्क रह सकता है, जिससे तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। हालांकि 19 मार्च से एक और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना जताई गई है। इस कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बारिश का नया दौर शुरू होकर 21 मार्च तक प्रदेश के कई हिस्सों में फैल सकता है।
इधर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में हुई बारिश के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारियों को फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए जमीनी निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि नुकसान की रिपोर्ट मिलने के बाद प्रभावित किसानों को समय पर मुआवजा उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
ये भी पढ़ें: पीएम किसान की 22वीं किस्त जारी, ऐसे करें खाते की जाँच
