कृषि समाचार

उत्तर प्रदेश में खरीफ सीजन के लिए खाद की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में एक उच्चस्तरीय बैठक के दौरान खरीफ सीजन के तहत किसानों को आवश्यक खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में किसी भी किसान को खाद की कमी नहीं होनी चाहिए और इसके लिए आपूर्ति श्रृंखला की सघन मॉनिटरिंग की जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाद की आपूर्ति व्यवस्था को लेकर कोई भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार समय पर और उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। जिलों में खाद वितरण की नियमित समीक्षा कराई जाए और जिलाधिकारी स्तर से निगरानी सुनिश्चित हो। किसी भी जिले या क्षेत्र से खाद की कमी की शिकायत आती है, तो तत्काल वैकल्पिक आपूर्ति का इंतजाम किया जाए।

सीएम योगी ने खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी और तस्करी के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आगाह किया कि खाद की प्रदेश के भीतर कालाबाजारी या पड़ोसी देशों में तस्करी के किसी भी प्रयास पर सख्त कार्रवाई की जाए। दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति या संगठन के खिलाफ न सिर्फ लाइसेंस निरस्त किया जाए, बल्कि एफआईआर दर्ज कर कठोरतम दंड भी सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि थोक और खुदरा विक्रेताओं के स्टॉक की नियमित जांच की जाए। कहीं भी अनियमितता पाई जाती है, तो तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई की जाए ताकि किसानों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। सीएम योगी ने इस बात पर भी जोर दिया कि किसानों को खाद की उपलब्धता से जुड़ी जानकारी समय पर और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए कृषि विभाग की वेबसाइट, डिजिटल प्लेटफॉर्म और स्थानीय मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार को सशक्त बनाया जाए, जिससे किसानों को पता हो कि खाद कहां और किस मूल्य पर उपलब्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “किसान हमारी प्राथमिकता हैं। उनकी हर जरूरत को समय पर पूरा करना हमारी जिम्मेदारी है। खाद की उपलब्धता, गुणवत्ता और कीमत पर सरकार की पूरी नजर है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि अन्नदाता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।” समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी गई कि सहकारी क्षेत्र के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जनपदों में रिटेलर गोदामों में 1,14,134 मीट्रिक टन और 1,92,745 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध है। वहीं निजी क्षेत्र में 14,25,569 मीट्रिक टन यूरिया की उपलब्धता है, जिससे खरीफ सीजन के लिए राज्यभर में पर्याप्त भंडार मौजूद है।

प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बैठक में जानकारी दी कि किसानों की फसलों की आवश्यकतानुसार सभी जनपदों की सहकारी समितियों और बिक्री केंद्रों पर पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी जरूरत के अनुसार ही खाद खरीदें और अनावश्यक भंडारण से बचें, ताकि अन्य किसानों को कोई असुविधा न हो। सरकार की ओर से उठाए गए इन ठोस कदमों से खरीफ सीजन में किसानों को समय पर खाद की आपूर्ति सुनिश्चित होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह पहल प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

Related posts

Leave a Comment