नई दिल्ली, 17 जून 2026: जून महीने में तेज़ी दिखाने के बाद जुलाई में टमाटर के थोक बाजार का रुख बदलता नजर आ रहा है। आधा जुलाई बीतने के साथ ही देश के अधिकांश प्रमुख उत्पादक राज्यों में टमाटर की कीमतों पर दबाव बढ़ गया है। कृषि विपणन पोर्टल के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार राष्ट्रीय औसत थोक कीमत जून में 2,720.95 रुपये प्रति क्विंटल थी, जो जुलाई में घटकर 2,530.10 रुपये प्रति क्विंटल रह गई। वहीं जुलाई के तीसरे सप्ताह में यह औसत और गिरकर 2,391.02 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया। हालांकि उत्तर प्रदेश समेत कुछ राज्यों में कीमतों में मजबूती बनी हुई है।
महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और दक्षिणी राज्यों में आई बड़ी गिरावट
जुलाई के मासिक आंकड़ों के अनुसार महाराष्ट्र में टमाटर के दाम जून की तुलना में लगभग 14 प्रतिशत घटे हैं। आंध्र प्रदेश में 30.6 प्रतिशत, छत्तीसगढ़ में 28.1 प्रतिशत, तमिलनाडु में 40.5 प्रतिशत और तेलंगाना में करीब 39 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। मध्य प्रदेश में भी कीमतों में हल्की कमी देखने को मिली। जुलाई के तीसरे सप्ताह के आंकड़ों में भी यही रुझान जारी रहा। महाराष्ट्र में कीमतें जून के मुकाबले लगभग 24.8 प्रतिशत, मध्य प्रदेश में 20.6 प्रतिशत, गुजरात में 17.5 प्रतिशत और ओडिशा में 28.8 प्रतिशत तक कम दर्ज की गईं।
उत्तर प्रदेश में बनी रही कीमतों की मजबूती
जहां अधिकांश राज्यों में टमाटर के भाव कमजोर हुए, वहीं उत्तर प्रदेश में स्थिति अलग रही। जुलाई के मासिक औसत भाव जून की तुलना में लगभग 45.6 प्रतिशत अधिक रहे। वहीं तीसरे सप्ताह में भी पिछले महीने की समान अवधि की तुलना में करीब 32.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, त्रिपुरा और उत्तराखंड में भी कीमतों में कुछ मजबूती देखने को मिली।
महाराष्ट्र की मंडियों में 500 से 4,000 रुपये तक रहे भाव
17 जुलाई को महाराष्ट्र की मंडियों में टमाटर के दामों में बड़ा अंतर देखने को मिला। राहुरी और मंगलवेधा मंडियों में न्यूनतम भाव 500 रुपये प्रति क्विंटल तक दर्ज किए गए, जबकि पनवेल मंडी में अधिकतम कीमत 4,000 रुपये प्रति क्विंटल रही। अधिकांश मंडियों में औसत भाव 1,500 से 2,300 रुपये प्रति क्विंटल के बीच रहे।
मध्य प्रदेश में सनावद मंडी सबसे आगे
मध्य प्रदेश की अधिकांश मंडियों में टमाटर का औसत भाव 1,500 से 2,500 रुपये प्रति क्विंटल के बीच रहा। सनावद मंडी में देसी टमाटर का औसत भाव 4,000 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं इंदौर, देवास और सेंधवा जैसी प्रमुख मंडियों में कीमतें 1,600 से 2,000 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास रहीं।
उत्तर प्रदेश की मंडियों में दिखा बड़ा अंतर
उत्तर प्रदेश की मंडियों में भी दामों में काफी अंतर देखने को मिला। खैरागढ़ मंडी में औसत भाव 3,050 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि आगरा, अलीगढ़, मथुरा और प्रयागराज जैसी मंडियों में कीमतें 2,000 से 2,500 रुपये प्रति क्विंटल के बीच दर्ज की गईं। दूसरी ओर हरदोई और बलरामपुर मंडियों में टमाटर का भाव क्रमशः 800 और 900 रुपये प्रति क्विंटल रहा। विशेषज्ञों का मानना है कि जुलाई में कई क्षेत्रों में नई आवक बढ़ने और आपूर्ति में सुधार के कारण अधिकांश राज्यों में टमाटर के भाव दबाव में आए हैं। हालांकि जिन क्षेत्रों में स्थानीय आपूर्ति सीमित है, वहां कीमतें अभी भी अपेक्षाकृत मजबूत बनी हुई हैं।
ये भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश: मंडी हाट योजना से किसानों को मिलेगा स्थानीय बाजार
