चंडीगढ़: हरियाणा में धान और बाजरा की फसल की खरीद बिना किसी रुकावट के जारी है। राज्य सरकार ने किसानों को फसल का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में भेजने की व्यवस्था की है। अब तक, धान किसानों को 6,191 करोड़ रुपये और बाजरा किसानों को 642 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, कुल मिलाकर 6,833 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई है। खाद्य और आपूर्ति विभाग के अनुसार, किसान सरकार की इस व्यवस्था से संतुष्ट हैं और उन्हें मंडियों में अपनी उपज बेचने में किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा है।
धान की 41 लाख मीट्रिक टन से अधिक आवक
विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि राज्य में अब तक मंडियों में 41 लाख 7 हजार 115 मीट्रिक टन धान आ चुका है, जिसमें से 38 लाख 54 हजार 881 मीट्रिक टन धान न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदा गया है। बाजरा की 4 लाख 9 हजार 412 मीट्रिक टन आवक में से 3 लाख 93 हजार 724 मीट्रिक टन खरीदा जा चुका है। मंडियों में आने वाले किसानों को इंतजार से बचाने के लिए ऑनलाइन गेट पास सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
कुरुक्षेत्र मंडी में सर्वाधिक धान की खरीद
कुरुक्षेत्र की मंडियों में सबसे अधिक 9 लाख 4 हजार 980 मीट्रिक टन धान की आवक दर्ज की गई है, जिसमें से 8 लाख 67 हजार 634 मीट्रिक टन की खरीद हो चुकी है। वहीं, महेंद्रगढ़ जिले में बाजरे की सर्वाधिक खरीद हुई है, जहां 1 लाख 2 हजार 322 मीट्रिक टन में से 1 लाख 955 मीट्रिक टन की खरीद पूरी हो चुकी है।
सरकार ने एमएसपी पर सामान्य धान के लिए 2,300 रुपये और ग्रेड-ए धान के लिए 2,320 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद की है, और सभी जिलों में वरिष्ठ अधिकारी इस प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं।
