खेती-किसानी

बागवानी में नया रिकॉर्ड: 2024-25 में अनुमानित उत्पादन 3677.24 लाख टन

baagwani

नई दिल्ली: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को बागवानी फसलों के क्षेत्रफल और उत्पादन के वर्ष 2024-25 के द्वितीय अग्रिम अनुमान जारी किए। उनके अनुसार, देश में बागवानी फसलों का क्षेत्रफल पिछले वर्ष की तुलना में 1.81 लाख हेक्टेयर बढ़कर 292.67 लाख हेक्टेयर हो गया है। वहीं, बागवानी फसलों का कुल उत्पादन 3.66 प्रतिशत की वृद्धि के साथ रिकॉर्ड 3677.24 लाख टन तक पहुंचने की उम्मीद है, जो कि वर्ष 2023-24 की तुलना में 129.80 लाख टन अधिक है।

किसानों की कड़ी मेहनत को दिया श्रेय

मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि किसानों की कड़ी मेहनत, कृषि वैज्ञानिकों के शोध और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की किसान-हितैषी नीतियों का परिणाम है। उन्होंने फल, सब्जी, आलू और प्याज के उत्पादन में हुई वृद्धि को विशेष रूप से उल्लेखनीय बताया और इसके लिए किसानों और वैज्ञानिकों को बधाई दी। आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024-25 में फलों का कुल उत्पादन 1145.10 लाख टन तक पहुंचने की संभावना है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 1.36 प्रतिशत या 15.32 लाख टन अधिक है। इस वृद्धि में तरबूज, आम, केला, मंदारिन, मौसंबी और पपीते जैसी फसलों का अहम योगदान रहने वाला है। उदाहरण के तौर पर, आम का उत्पादन 223.98 लाख टन से बढ़कर 228.37 लाख टन होने का अनुमान है, जबकि केले का उत्पादन 376.14 लाख टन से बढ़कर 380.35 लाख टन और तरबूज का उत्पादन 37.21 लाख टन से बढ़कर 44.70 लाख टन तक पहुंच सकता है।

सब्जी उत्पादन की ये है स्थिति

सब्जियों की बात करें तो उनका कुल उत्पादन 2023-24 में 2072.08 लाख टन रहा था, जो कि 2024-25 में बढ़कर 2196.74 लाख टन होने की उम्मीद है। यह वृद्धि 124.66 लाख टन या 6.02 प्रतिशत की है। प्याज का उत्पादन 242.67 लाख टन से बढ़कर 307.72 लाख टन होने का अनुमान है, जबकि आलू का उत्पादन 570.54 लाख टन से बढ़कर 601.75 लाख टन तक पहुंच सकता है। हरी मिर्च, टैपिओका और लौकी जैसी सब्जियों में भी बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। हालांकि, टमाटर के उत्पादन में हल्की गिरावट का अनुमान है, जो पिछले वर्ष 213.23 लाख टन था और अब 207.52 लाख टन हो सकता है।

मसाला उत्पादन में थोड़ी गिरावट

मसालों के उत्पादन में कुल मिलाकर थोड़ा सा गिरावट देखी जा रही है। वर्ष 2023-24 में मसालों का कुल उत्पादन 124.84 लाख टन था, जो कि 2024-25 में घटकर 123.70 लाख टन होने का अनुमान है। हालांकि, अदरक, लहसुन और हल्दी जैसी मसालों में वृद्धि दर्ज की गई है। अदरक का उत्पादन 23.33 लाख टन से बढ़कर 25.42 लाख टन, लहसुन का उत्पादन 33.16 लाख टन से बढ़कर 35.03 लाख टन और हल्दी का उत्पादन 10.63 लाख टन से बढ़कर 12.04 लाख टन होने की उम्मीद है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बागवानी उत्पादन में यह वृद्धि कृषि क्षेत्र की प्रगति और किसानों की मेहनत का परिचायक है। उन्होंने यह भी दोहराया कि सरकार किसानों को उत्पादन से लेकर विपणन तक हर स्तर पर सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि देश की कृषि अर्थव्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

ये भी पढ़ें: प्याज की इस उन्नत किस्म से किसानों को मिलेगी बम्पर पैदावार

Related posts

Leave a Comment