नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई नमो ड्रोन दीदी योजना अब गांवों में महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल बन रही है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार इस योजना को तेजी से लागू कर रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। आज कई महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक रीढ़ बन चुकी हैं, बल्कि प्रेरणा बनकर दूसरों को भी आगे बढ़ने का रास्ता दिखा रही हैं। इसी कारण प्रदेश में “लखपति दीदी” की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
इस योजना के तहत महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों को ड्रोन पायलट प्रशिक्षण दिया जा रहा है और उन्हें ड्रोन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। महिलाएं इन ड्रोन की मदद से कृषि स्प्रेइंग, फसल निरीक्षण और तकनीकी सेवाएं देकर अच्छी आय कमा रही हैं। इससे उन्हें तकनीकी आधारित रोजगार का नया अवसर मिला है।
कृषि और टेक्नोलॉजी ने दी यूपी की अर्थव्यवस्था को नई दिशा
उत्तर प्रदेश में कृषि में आधुनिक तकनीक का प्रयोग राज्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रहा है। फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर, कोल्ड चेन, फल-फूल निर्यात मंडल और कृषि तकनीक परियोजनाओं ने उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डिजिटल एग्रीकल्चर इकोसिस्टम तैयार करने के लिए नीति बनाने के निर्देश दिए हैं ताकि किसानों को आधुनिक बीज, तकनीक और मार्केट से सीधा जुड़ाव मिल सके। इससे उनकी आय में निरंतर वृद्धि हो रही है। सरकार का लक्ष्य है कि खेती में शोध, विज्ञान और आधुनिक तकनीक का व्यापक उपयोग हो, जिससे उपलब्ध कृषि भूमि से तीन गुना तक उत्पादन संभव हो सके।
उत्तर प्रदेश के विकास में महिलाओं की बढ़ती भूमिका
महिलाओं की बढ़ती आर्थिक भागीदारी ने यूपी की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है। वर्ष 2025 में मनरेगा के तहत महिलाओं की भागीदारी 42% तक पहुंच गई है, जो सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन का प्रतीक है। डिजिटल खेती, ई-मोबाइल तकनीक, डिजिटल मार्केटिंग और स्मार्ट कृषि उपकरणों ने ग्रामीण महिलाओं को उद्यमिता की ओर प्रेरित किया है। आज महिलाएं खेती से लेकर ड्रोन तकनीक, मार्केटिंग और वित्तीय प्रबंधन तक हर क्षेत्र में अपनी अहम भूमिका निभा रही हैं।
महिला लघु उद्योग और स्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर ने बढ़ाए अवसर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ODOP, MSME विस्तार और महिला-लघु उद्योगों पर विशेष ध्यान दिया है। आदिवासी समुदाय थारू जनजाति के लिए 371 शहरी स्वयं सहायता समूह स्थापित किए गए हैं और इन्हें वित्तीय सहायता भी प्रदान की गई है। यह राज्य की उस नीति दृष्टि को दर्शाता है, जिसमें परंपरा का सम्मान करते हुए युवाओं और महिलाओं को अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
इस सोच ने योगी आदित्यनाथ की छवि को एक ऐसे नेता के रूप में मजबूत किया है, जो आस्था को आधुनिक अर्थव्यवस्था से जोड़ने का काम कर रहे हैं।
विकसित उत्तर प्रदेश बन रहा है वास्तविकता
योगी सरकार ने विकास को केवल शहरों तक सीमित न रखते हुए गांव, कस्बों, महिलाओं, युवाओं और पारंपरिक उद्योगों तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी कारण “विकसित उत्तर प्रदेश” सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि तेजी से बदलती वास्तविकता बन रहा है। महिलाओं का आर्थिक योगदान, कृषि में तकनीक का बढ़ता उपयोग और ग्रामीण उद्यमिता ने राज्य की विकास यात्रा को नई दिशा दी है।
केंद्र सरकार दे रही है बड़ा समर्थन: 15,000 ड्रोन वितरित होंगे
केंद्र सरकार ने महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों को तकनीक आधारित रोजगार देने के लिए नमो ड्रोन दीदी योजना को वर्ष 2023-24 से 2025-26 तक लागू किया है। इस योजना के लिए 1,261 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इसके तहत देशभर में 15,000 ड्रोन SHGs को दिए जाएंगे, जिससे लाखों महिलाओं को आधुनिक तकनीक के साथ नए रोजगार मिलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
ये भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश सरकार देगी 5.50 लाख तिलहन मिनीकिट, बढ़ेगी उत्पादकता
