मौसम का हाल

मॉनसून ने बदला रुख, कई राज्यों में भरी बारिश और बाढ़ की चेतावनी

नई दिल्ली: देशभर के कई हिस्सों में मॉनसून की सक्रियता ने मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल दिया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 1.1 डिग्री ज्यादा था। राजधानी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई, लेकिन मंगलवार को बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले सात दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि 28 और 29 जुलाई को दिल्ली और आसपास के इलाकों में मानसूनी बारिश देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि एक निम्न दबाव का क्षेत्र दिल्ली के दक्षिण से होकर उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ेगा, जिससे बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। सोमवार को हुई बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे आवाजाही में बाधा उत्पन्न हुई।

उधर, हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार रात 11 बजे से लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मंडी के क्षेत्रीय अस्पताल तक पहुंचने का मुख्य मार्ग जलभराव और नालों के ओवरफ्लो के कारण बंद करना पड़ा है। जिला प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार, मंडी और उसके आसपास कई जगहों पर भूस्खलन हुए हैं जिससे कई आंतरिक सड़कें बंद हो गई हैं। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे (NH-3) पर मंडी और कुल्लू के बीच कई स्थानों पर मलबा जमा हो गया है, जिससे लंबा जाम लग गया है और वाहन रास्ते में फंसे हुए हैं।

उत्तराखंड में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों में देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, टिहरी और उत्तरकाशी जैसे जिलों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। शासन ने निर्देश दिया है कि सभी नोडल अधिकारी और आपदा प्रबंधन से जुड़े कर्मी हाई अलर्ट पर रहें और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

चमोली जिले में अलकनंदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसी के मद्देनजर स्थानीय पुलिस ने निवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। जारी परामर्श में लोगों से कहा गया है कि नदी के आसपास की गतिविधियों से बचें और किसी भी आपदा की स्थिति में प्रशासन को तुरंत सूचित करें।

महाराष्ट्र में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। रायगढ़, रत्नागिरी, गोंदिया, चंद्रपुर, भंडारा और गढ़चिरौली जिलों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। यहां अत्यधिक बारिश और बाढ़ की आशंका जताई गई है। पालघर में एहतियातन 26 जुलाई को सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से घर में ही रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। देशभर में मानसूनी गतिविधियों के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है, और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। लोगों को भी चाहिए कि वे सतर्कता बरतें और मौसम विभाग व प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

Related posts

Leave a Comment