मौसम का हाल

देश के कई हिस्सों में मॉनसून सक्रिय, दिल्ली में आंधी-तूफान की आशंका, उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में अलर्ट जारी

जुलाई महीने में देश के विभिन्न हिस्सों में मॉनसून ने अलग-अलग रंग दिखाए हैं। एक ओर जहां तेलंगाना जैसे राज्यों में अच्छी बारिश ने किसानों को राहत दी है, वहीं दूसरी ओर उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में यह बारिश तबाही के संकेत भी दे रही है। इस बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। रविवार को देशभर के कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी और वज्रपात की आशंका जताई गई है, जिसे लेकर भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में गरज-चमक और बारिश की संभावना

देश की राजधानी दिल्ली में रविवार को मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज शहर में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश हो सकती है। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 0.9 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री नीचे था। शाम के समय उमस 83 प्रतिशत तक पहुंच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रही और एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 56 रिकॉर्ड किया गया।

उत्तर प्रदेश और बिहार में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मॉनसून ने अब रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने आज से प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। 20 से अधिक जिलों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। वहीं, बिहार में भी मौसम का मिजाज बिगड़ने लगा है। राज्य के कई जिलों में बादलों ने डेरा डाल लिया है और आईएमडी ने भारी बारिश के साथ वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। भागलपुर, पूर्णिया, पटना, दरभंगा और मुजफ्फरपुर जैसे जिलों में बिजली गिरने की आशंका है। ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से किसानों और बच्चों को सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

हिमाचल प्रदेश में तीन दिन का भारी बारिश अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। स्थानीय मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए राज्य के 12 में से नौ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रविवार को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट भी लागू किया गया है। विभाग के मुताबिक, सोमवार को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में और मंगलवार को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। हालांकि बीते 24 घंटे में मॉनसून की सक्रियता थोड़ी कमजोर रही, जिससे कुछ इलाकों में ही हल्की बारिश देखने को मिली।

उत्तराखंड में कुमाऊं और गढ़वाल में रेड और ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड में भी मॉनसून की बारिश अब गंभीर होती जा रही है। खासकर कुमाऊं क्षेत्र के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर में रविवार को भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा देहरादून, टिहरी और पौड़ी जैसे गढ़वाल क्षेत्र के जिलों के साथ-साथ कुमाऊं के बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी के अनुसार इन जिलों में भी भारी से बहुत भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी है। देश के अलग-अलग हिस्सों में बदलता मॉनसून न केवल राहत लेकर आया है, बल्कि कहीं-कहीं पर खतरे की घंटी भी बजा रहा है। ऐसे में प्रशासन और आमजन दोनों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। खासकर पर्वतीय और ग्रामीण इलाकों में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी जा रही है।

Related posts

Leave a Comment