कृषि समाचार

महाराष्ट्र में खरीफ सीजन से पहले 3 लाख क्विंटल प्रामाणित बीज उपलब्ध

Maharashtra seed distribution

मुंबई: महाराष्ट्र सरकार ने खरीफ सीजन की तैयारी को देखते हुए किसानों के लिए प्रमाणित बीजों की उपलब्धता तेज कर दी है। राज्य सरकार ने पारदर्शी और ऑनलाइन व्यवस्था के तहत करीब 3 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए हैं, ताकि किसानों को बुवाई के समय किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे ने किसानों से अपील की है कि वे समय रहते पंजीकरण कर बीज प्राप्त करें। इस बार बीज वितरण पूरी तरह डिजिटल प्रणाली के जरिए किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया सरल और पारदर्शी बनी रहे।

पहले आओ पहले पाओ के आधार पर वितरण

सरकार ने स्पष्ट किया है कि बीज वितरण पहले आओ पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। इससे किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज मिल सकेगा और वितरण में किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना कम होगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य पूरी प्रक्रिया को तेज और निष्पक्ष बनाना है।

इन फसलों के लिए मिलेगा बीज

योजना के तहत खरीफ की प्रमुख फसलों जैसे सोयाबीन, मूंग, उड़द, मूंगफली, बाजरा और कपास के प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। सरकार के अनुसार कुल बीजों में लगभग 66,750 क्विंटल सोयाबीन और 35,500 क्विंटल मूंगफली के बीज शामिल हैं। इन बीजों के उपयोग से उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और बेहतर गुणवत्ता की फसल प्राप्त होगी।

तकनीक और प्रशिक्षण पर जोर

बीज वितरण के साथ ही सरकार किसानों को आधुनिक खेती पद्धतियों से जोड़ने पर भी काम कर रही है। इसके तहत राज्य में लगभग 2 लाख फसल प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से किसानों को नई तकनीक, उन्नत प्रबंधन और बेहतर कृषि साधनों की जानकारी दी जाएगी।

आवेदन के लिए जरूरी पहचान

बीज प्राप्त करने के लिए किसानों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा। इसके लिए किसान पहचान संख्या अनिवार्य रखी गई है। इसके अलावा किसान समूहों को भी इन कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। यह पहल महाराष्ट्र में खरीफ सीजन को सफल बनाने और किसानों को समय पर बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

ये भी पढ़ें: हरियाणा में 2,738 करोड़ रुपये की लागत वाली बागवानी परियोजना शुरू

Related posts

Leave a Comment