कृषि समाचार

एस्कॉर्ट्स कुबोटा के ट्रैक्टर नवंबर से होंगे महंगे, जानें वजह

Escorts Kubota tractors will become more expensive from November, know the reason

नई दिल्ली: ट्रैक्टर खरीदने की योजना बना रहे किसानों के लिए जरूरी खबर है। एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड ने अपने तीन प्रमुख ट्रैक्टर ब्रांड कुबोटा, फार्मट्रैक और पावरट्रैक की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया है। कंपनी के मुताबिक, नई कीमतें नवंबर 2026 से लागू होंगी। यह बढ़ोतरी त्योहारी सीजन समाप्त होने के बाद की जाएगी। कंपनी ने इसके पीछे कच्चे माल, ऊर्जा, परिवहन और उत्पादन लागत में लगातार हो रही वृद्धि को प्रमुख वजह बताया है।

सभी ट्रैक्टर मॉडल पर अलग-अलग बढ़ेंगी कीमतें

कंपनी के अनुसार, कुबोटा, फार्मट्रैक और पावरट्रैक के सभी ट्रैक्टरों की कीमतों में एक समान बढ़ोतरी नहीं होगी। अलग-अलग मॉडल, वेरिएंट और क्षेत्रों के हिसाब से कीमतें बढ़ाई जाएंगी। किसान नई कीमतों की जानकारी अपने नजदीकी अधिकृत डीलर से प्राप्त कर सकेंगे।

बढ़ती लागत के कारण लिया फैसला

एस्कॉर्ट्स कुबोटा का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से कच्चे माल, ऊर्जा और परिवहन सहित उत्पादन से जुड़ी लागत बढ़ रही है। कंपनी ने खर्चों में कटौती और कामकाज की दक्षता बढ़ाने जैसे कदम उठाकर इस बोझ को कम करने की कोशिश की। अब तक बढ़ी हुई लागत का बड़ा हिस्सा कंपनी ने खुद वहन किया है, लेकिन लगातार बढ़ते खर्च के कारण कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया है।

नए ट्रैक्टर मॉडल पर भी कंपनी का फोकस

एस्कॉर्ट्स कुबोटा अपने ट्रैक्टर पोर्टफोलियो का विस्तार कर रही है। कंपनी के प्रमुख उत्पादों में फार्मट्रैक प्रोमैक्स, पावरट्रैक शौर्य, डिजिट्रैक के नए मॉडल और कुबोटा की नियोस्टार व एमयू सीरीज शामिल हैं। कंपनी का उद्देश्य किसानों को खेती के अलग-अलग कार्यों के लिए आधुनिक तकनीक और बेहतर सुविधाओं वाले ट्रैक्टर उपलब्ध कराना है।

कंपनी के एग्री बिजनेस प्रेसिडेंट मनीष शर्मा के अनुसार, कंपनी ने बढ़ती लागत का बोझ ग्राहकों पर कम से कम डालने की कोशिश की है। कीमतों में संतुलित बढ़ोतरी से ट्रैक्टरों की गुणवत्ता, नई तकनीक और ग्राहक सुविधाओं पर निवेश जारी रखने में मदद मिलेगी।

ट्रैक्टर खरीदने से पहले जान लें नई कीमतें

नवंबर 2026 से लागू होने वाली नई कीमतों के बाद कुबोटा, फार्मट्रैक और पावरट्रैक के ट्रैक्टर खरीदने वाले किसानों को पहले की तुलना में अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है। ऐसे में किसान खरीदारी का फैसला लेने से पहले अपने पसंदीदा मॉडल की नई कीमत और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी अधिकृत डीलर से जरूर प्राप्त कर लें।

ये भी पढ़ें: देश में 11 करोड़ किसानों के बने किसान पहचान पत्र, लक्ष्य से पहले लक्ष्य पूरा

Related posts

Leave a Comment