पटना: बिहार के किसानों को अच्छी गुणवत्ता वाले बीज, उर्वरक और कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने नई पहल की है। अब इन कृषि उत्पादों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशालाओं तक डाक विभाग के माध्यम से भेजे जाएंगे। इसके लिए बिहार सरकार के कृषि विभाग और भारत सरकार के डाक विभाग के बिहार परिमंडल के बीच सोमवार को समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य नमूनों को सुरक्षित और समय पर प्रयोगशालाओं तक पहुंचाना, जांच में होने वाली देरी कम करना और नकली तथा घटिया कृषि उत्पादों पर रोक लगाना है। समझौते पर कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा की मौजूदगी में डाक सेवाओं की निदेशक प्रियंका जैन और कृषि निदेशक मुकेश कुमार लाल ने हस्ताक्षर किए।
बिहार के 9,673 डाकघरों का मिलेगा फायदा
इस नई व्यवस्था के तहत बीज, उर्वरक और कीटनाशकों के नमूने डाक विभाग के माध्यम से जांच प्रयोगशालाओं तक पहुंचाए जाएंगे। इससे नमूनों की सुरक्षित ढुलाई और उनकी गोपनीयता बनाए रखने में मदद मिलेगी। अभी नमूने भेजने के लिए निजी कूरियर सेवाओं पर निर्भर रहना पड़ता है, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने से यह निर्भरता कम होगी। बिहार में डाक विभाग के 9,673 डाकघर केंद्रों का नेटवर्क इस काम में उपयोगी साबित होगा।
नकली और घटिया कृषि उत्पादों पर लगेगी रोक
कृषि उत्पादों की गुणवत्ता की जांच समय पर होना किसानों के हित में बेहद जरूरी है। खराब गुणवत्ता वाले बीजों से अंकुरण और पैदावार प्रभावित हो सकती है, जबकि घटिया उर्वरक और कीटनाशक भी किसानों को आर्थिक नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में नमूनों को तेजी से प्रयोगशालाओं तक पहुंचाने से गुणवत्ता जांच की प्रक्रिया में सुधार होने और दोषपूर्ण उत्पादों के खिलाफ कार्रवाई में मदद मिलने की उम्मीद है।
किसानों को घर तक बीज और खाद पहुंचाने का सुझाव
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि डाक विभाग की भूमिका केवल नमूनों को प्रयोगशालाओं तक पहुंचाने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि डाक विभाग के माध्यम से किसानों को बीज, कीटनाशक और जैविक खाद की घर तक आपूर्ति की व्यवस्था भी शुरू की जाए। इससे किसानों को जरूरी कृषि सामग्री आसानी से मिल सकेगी और उन्हें बाजार के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
जैविक उत्पादों की बिक्री और निर्यात में भी मिलेगी मदद
कृषि मंत्री ने डाक विभाग से किसानों के जैविक और प्राकृतिक उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों की बिक्री, विपणन और निर्यात को बढ़ावा देने में डाक विभाग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उनका कहना था कि किसानों को केवल उत्पादन तक सीमित रखने के बजाय उन्हें बाजार से जोड़ना जरूरी है, ताकि उनकी आमदनी बढ़ाने के नए अवसर पैदा हो सकें।
किसानों के हित में सहयोग करेगा डाक विभाग
डाक सेवाओं की निदेशक प्रियंका जैन ने भरोसा दिलाया कि किसानों के हित में डाक विभाग अपनी सेवाओं और उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से हरसंभव सहयोग करेगा। कृषि मंत्री ने कहा कि यह समझौता कृषि आदानों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, नकली और घटिया उत्पादों पर नियंत्रण लगाने तथा किसानों के लिए आधुनिक सेवाएं विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे कृषि विभाग और डाक विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और किसानों को गुणवत्ता युक्त कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के प्रयासों को गति मिल सकती है।
ये भी पढ़ें: गेहूं की नई किस्म एचडी 3463, काले और पीले रतुआ रोग से सुरक्षित

