मौसम का हाल

देशभर में बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

Nationwide weather upadate

नई दिल्ली: देशभर में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर भारत, पूर्वोत्तर, पूर्वी और दक्षिणी राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाएं, बारिश और कई जगहों पर ओलावृष्टि देखने को मिल सकती है। इस बदलाव का असर आम जनजीवन के साथ-साथ खेती-किसानी पर भी पड़ने की आशंका है।

उत्तर भारत में आंधी और बारिश का दौर

उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 28 अप्रैल से 4 मई के बीच हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।

वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने का अनुमान है। राजस्थान के कई हिस्सों में धूल भरी आंधी का खतरा बना हुआ है।

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भारी बारिश

पूर्वोत्तर भारत में मौसम और अधिक सक्रिय रहेगा। असम, मेघालय और त्रिपुरा सहित आसपास के क्षेत्रों में अगले पांच दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

पूर्वी भारत के पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और तेज तूफान की चेतावनी दी गई है।

मध्य और दक्षिण भारत में भी असर

मध्य भारत के मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान का असर बना रहेगा। वहीं दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में 30 अप्रैल से 2 मई के बीच भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ जगहों पर बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी भी दी गई है।

हिमाचल में मौसम हुआ सुहावना

हिमाचल प्रदेश में बीते दिनों गर्मी का असर बढ़ गया था, लेकिन अब मौसम में बदलाव के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। कई जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि का दौर शुरू हो गया है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के कुछ हिस्सों में भारी ओलावृष्टि का चेतावनी स्तर जारी किया गया है, जबकि ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर में भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

लोगों और किसानों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी उपाय करने को कहा गया है, क्योंकि तेज हवाएं, ओलावृष्टि और भारी बारिश से नुकसान की आशंका बनी हुई है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा लेकिन सतर्कता जरूरी होगी।

ये भी पढ़ें: मिट्टी जांच से बढ़ेगी पैदावार, किसानों को मिलेगा बेहतर लाभ

Related posts

Leave a Comment