कृषि समाचार

बिहार राजस्व महा अभियान: 21 सितंबर से ऑनलाइन होंगे आवेदन

bihar-rajshva-maha-abhiyan-online-aavedan

पटना: बिहार के किसानों और आम लोगों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने घोषणा की है कि राज्य में चल रहे राजस्व महा-अभियान के तहत शिविरों में जमा होने वाले सभी आवेदन अब 21 सितंबर से ऑनलाइन किए जाएंगे। विभाग ने इसके लिए चौथे और पांचवें चरण की रूपरेखा तय कर दी है। चौथे चरण में आवेदनों को दाखिल-खारिज और परिमार्जन प्लस पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा, जबकि पांचवें चरण में जमीनों के निष्पादन से जुड़े कार्य शुरू होंगे।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर मुख्य सचिव ने सभी प्रमंडलीय आयुक्तों और जिलाधिकारियों को इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि हर आवेदन को सुरक्षित तरीके से संकलित कर ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जाए।

राजस्व महा-अभियान की प्रगति

इस महा-अभियान की शुरुआत 16 अगस्त से 20 सितंबर तक की गई थी।

पहले चरण में जमाबंदी पंजी की प्रति और आवेदन प्रपत्र का प्रिंट निकालने का काम पूरा किया गया।

दूसरे चरण में इन दस्तावेजों का वितरण किया गया।

तीसरे चरण में हल्का स्तर पर शिविर लगाकर आवेदन लिए गए, जिसमें लोगों ने अपने जमीन से संबंधित कागजात जमा कराए।

अब चौथे चरण में सभी आवेदन ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे और पांचवें चरण में जमीन से जुड़े निष्पादन कार्य शुरू होंगे।

सुरक्षित रखने के निर्देश आवेदनों को

विभाग ने आदेश दिया है कि शिविरों में जमा सभी आवेदनों को सुरक्षित रखा जाए। इन्हें तिथि, हल्का और मौजा के आधार पर फोल्डरों में संकलित कर गैल्वनाइज्ड बॉक्स में रखा जाएगा। इसके बाद हर आवेदन को स्कैन करके महा-अभियान पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। विभाग ने प्रति कर्मी प्रतिदिन 200 आवेदन स्कैन करने का लक्ष्य तय किया है।

अंचल अधिकारी अपने लॉगिन से आवेदनों को संबंधित कर्मियों को असाइन करेंगे। कर्मी ‘अप्लाई ऑनलाइन’ मेनू से दाखिल-खारिज या परिमार्जन प्लस पोर्टल पर आवेदन को स्कैन कर अपलोड करेंगे और इसके साथ ही साक्ष्यों की अलग-अलग फाइलें भी बनाई जाएंगी।

ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया और ट्रैकिंग

शिविर से प्राप्त प्रत्येक आवेदन को संबंधित कर्मी को प्रतिदिन कम से कम 25 आवेदन ऑनलाइन अपलोड करने का लक्ष्य दिया गया है। आवेदन अपलोड होते ही आवेदक को SMS के माध्यम से आवेदन संख्या प्राप्त होगी। इस आवेदन संख्या की मदद से आवेदक अपने आवेदन की स्थिति को आसानी से ट्रैक कर सकेंगे।

आवेदन की स्थिति जानने के लिए आवेदक सीधे बिहारभूमि पोर्टल पर जा सकते हैं। इसके लिए
आवेदक बिहारभूमि पोर्टल – आवेदन ट्रैकिंग पोर्टल पर लॉगिन कर Application Status / Track Application विकल्प से अपने आवेदन की स्थिति देख सकते हैं।

राजस्व महा-अभियान के तहत ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू होने से बिहार के किसानों और आम नागरिकों को जमीन से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता और तेजी मिलेगी। इससे दाखिल-खारिज और परिमार्जन जैसे कार्य डिजिटल तरीके से होंगे, जिससे भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी और समय की बचत होगी।

यह भी पढ़ें: यूपी तारबंदी योजना 2025: किसानों को मिलेगी 60% सब्सिडी

Related posts

Leave a Comment