कृषि समाचार

योगी सरकार ने 2.51 लाख किसानों को दी 460 करोड़ की राहत राशि

Yogi adityanath

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ में कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार अन्नदाता किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और आपदा की घड़ी में उन्हें अकेला नहीं छोड़ेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत बड़ी राहत राशि का वितरण किया।

2.51 लाख किसानों को 285 करोड़ की क्षतिपूर्ति

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खरीफ 2025) के अंतर्गत 2.51 लाख किसानों को 285 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति राशि जारी की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 3,500 लाभार्थी परिवारों को 175 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुछ किसानों और पीड़ित परिवारों को मंच से स्वयं चेक सौंपे।

इन किसानों को मंच पर मिले चेक

चेक वितरण के दौरान हरदोई के गोकर्ण को 2.11 लाख रुपये, हमीरपुर के मोहन लाल को 1.72 लाख रुपये, एटा की विनीता देवी को 1.17 लाख रुपये, जालौन के शिवम राजावत को 1.03 लाख रुपये और कन्नौज की सुशीला सिंह को 88 हजार रुपये की क्षतिपूर्ति दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि फसल बीमा केवल कागजी योजना नहीं, बल्कि आपदा के समय किसान के लिए सुरक्षा कवच है। सूखा हो या अतिवृष्टि, नुकसान की भरपाई सरकार की जिम्मेदारी है।

कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा, लाखों की सब्सिडी

कार्यक्रम में कृषि यंत्रीकरण को भी नई गति दी गई। एग्रीग्रेटर योजना के तहत रायबरेली के कुलदीप मौर्य को 32 लाख रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई। कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए लखनऊ के दीपचंद्र को 22.33 लाख रुपये और मटरू प्रसाद को 4 लाख रुपये दिए गए। फार्म मशीनरी बैंक के लिए रायबरेली के कृपाशंकर शुक्ल और सीतापुर के अखिलेश तिवारी को 8-8 लाख रुपये का अनुदान मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक मशीनें खेती को आसान, सस्ती और लाभकारी बनाती हैं।

दुर्घटना पीड़ित परिवारों को 5-5 लाख की सहायता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत रायबरेली की प्रीति, सीतापुर की रागिनी वर्मा, उन्नाव की शगुना और लखनऊ की इंदरानी व ऊषा को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी प्रियजन की क्षति की भरपाई संभव नहीं, लेकिन सरकार पीड़ित परिवार को संबल देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है।

युवा आपदा मित्रों को बीमा कवर

सीएम योगी ने युवा आपदा मित्रों को भी विशेष सम्मान दिया। लखनऊ के कौशलेंद्र कुमार सिंह, लखीमपुर खीरी की महक श्रीवास्तव, हजर फातिमा, सुखमन कौर और शोभित कुमार चौहान को 5-5 लाख रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि आपदा मित्र प्रदेश में फर्स्ट रिस्पॉन्डर की भूमिका निभा रहे हैं और अब उन्हें तीन वर्ष का जीवन व चिकित्सा बीमा कवर दिया जा रहा है।

बजट 2026-27 में किसान केंद्र में

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हाल ही में 2026-27 का बजट पारित हुआ है, जिसमें किसान, युवा, महिला और गरीब प्राथमिकता में हैं। सरकार की नीति है कि योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थी के खाते में पहुंचे। एक बटन दबाते ही 460 करोड़ रुपये किसानों के खातों में ट्रांसफर किए गए और बिचौलियों की भूमिका पूरी तरह समाप्त कर दी गई है। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लाभार्थियों के खातों में तय समय सीमा के भीतर धनराशि पहुंचनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले आपदा के बाद वर्षों तक मुआवजा नहीं मिलता था, लेकिन अब लक्ष्य है कि 24 घंटे के भीतर राहत राशि पीड़ित के खाते में पहुंचे।

नई परियोजनाओं का शिलान्यास

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बागपत, शामली, कासगंज और भदोही में उप कृषि निदेशक कार्यालय और मिट्टी परीक्षण प्रयोगशालाओं का शिलान्यास किया। इसके अलावा झांसी के मऊरानीपुर में 50 शैय्या छात्रावास और लखनऊ में स्मार्ट कृषि ब्यूरो स्टूडियो की आधारशिला रखी गई। उन्होंने घोषणा की कि लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, झांसी और आजमगढ़ में डॉप्लर वेदर राडार स्थापित किए जाएंगे, जिससे मौसम पूर्वानुमान और आकाशीय बिजली की चेतावनी समय पर मिल सके। अंत में मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश का किसान जितना मजबूत होगा, उत्तर प्रदेश उतना ही समृद्ध बनेगा। सरकार की हर योजना का उद्देश्य किसान की आय बढ़ाना, जोखिम कम करना और उसे सम्मान के साथ आगे बढ़ाना है।

ये भी पढ़ें: PM-KISAN की 22वीं किस्त पर सस्पेंस, होली से पहले आएगी राशि?

Related posts

Leave a Comment