लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम अब तेजी से करवट लेने वाला है। लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार 22 जनवरी से प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। इस दौरान कई इलाकों में बादलों की गड़गड़ाहट भी सुनाई देने की संभावना है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में मौसम में बड़ा बदलाव आएगा।
न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी, कोहरे का असर कम
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि लखनऊ शहर में 20 जनवरी (मंगलवार) की सुबह धुंध छाई रहेगी, जबकि दिन में मौसम साफ रहेगा। बीते दिनों बादलों और छिटपुट बारिश के कारण न्यूनतम तापमान में औसतन 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि बाराबंकी, कानपुर, रायबरेली और आसपास के जिलों में कोहरे का असर कम रहा है, जबकि ग्रामीण इलाकों में अब भी हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल रहा है।
22 जनवरी से बारिश की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में मौसम का मिजाज फिर बदलेगा। दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से 22 जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश शुरू होने और बाद के दिनों में पूर्वी उत्तर प्रदेश तक इसके फैलने की संभावना है। बारिश होने से जहां प्रदूषण से राहत मिलेगी, वहीं इसके बाद चलने वाली ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट भी दर्ज की जा सकती है। फिलहाल प्रदेश में ठंड से मिली आंशिक राहत बने रहने की संभावना जताई गई है।
तेज हवाओं के भी आसार
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 23 जनवरी से उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अनुमान है कि 23 जनवरी को नोएडा समेत आसपास के इलाकों में बादल छाए रहेंगे और बारिश के साथ मौसम में ठंडक बढ़ेगी।
आज इन जिलों में रहेगा साफ मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक मंगलवार को वाराणसी, प्रयागराज, अमेठी, आगरा, चित्रकूट, मेरठ, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, गोरखपुर, अयोध्या, कानपुर, झांसी, ललितपुर, बस्ती, बाराबंकी, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, महाराजगंज, कुशीनगर, रायबरेली, गाजीपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली और सीतापुर में मौसम साफ रहेगा। इस दौरान धूप खिली रहेगी, हालांकि सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा नजर आ सकता है।
21 जनवरी को नया पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार 21 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसके असर से मौसम में तेजी से बदलाव आएगा। अनुमान है कि अगले 2 से 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी, जिसके बाद तापमान में फिर से हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
ये भी पढ़ें: हर मौसम में फसल सुरक्षा के जरूरी उपाय, सही देखभाल से बढ़ेगी पैदावार

