नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में मूंग और उड़द दाल की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद को मंजूरी दे दी है। यह खरीद मूल्य समर्थन योजना (PSS) के तहत की जाएगी, जिससे इन राज्यों के किसानों को मंडियों में उचित और सुनिश्चित दाम मिल सकेगा। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया। इसके तहत मध्य प्रदेश में 1.23 लाख मीट्रिक टन उड़द की खरीद के लिए 912 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की गई है, वहीं 3.51 लाख मीट्रिक टन मूंग की भी खरीद की जाएगी। योजना का उद्देश्य किसानों को एमएसपी से नीचे बेचने की स्थिति से बचाना और उनकी लागत की भरपाई करना है।
यूपी सरकार का प्रस्ताव स्वीकार
उत्तर प्रदेश सरकार ने भी जायद (ग्रीष्मकालीन) फसलों की एमएसपी पर खरीद का प्रस्ताव केंद्र को भेजा था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। यूपी में लगभग 1.60 लाख हेक्टेयर में मूंग और 1.74 लाख हेक्टेयर में मूंग–ग्वार की खेती हुई है। सरकार ने 34,720 टन मूंग और 50,750 टन ग्वार की खरीद का प्रस्ताव भेजा था, जिसे केंद्र ने मंजूरी दे दी है। केंद्रीय मंत्री ने संकेत दिया है कि यदि किसानों की ओर से उड़द खरीद की मांग आती है, तो उसे भी एमएसपी पर शामिल किया जाएगा। मंत्री ने इस फैसले को किसानों के हित में एक बड़ा कदम बताया और कहा कि इससे उन्हें बाजार में दाम गिरने की स्थिति में सुरक्षा मिलेगी।
मूंग और उड़द की एमएसपी पर सीधी खरीद के ये होंगे लाभ
मूंग और उड़द की एमएसपी पर सीधी खरीद से किसानों को उचित दाम मिलेगा। बाजार की अनिश्चितता से राहत, जिससे फसल बिक्री में जोखिम कम होगा। साथ ही, उत्पादन और आय बढ़ाने के लिए किसानों को मिलेगा प्रोत्साहन। केंद्र सरकार द्वारा एमएसपी पर मूंग और उड़द की खरीद को दी गई मंजूरी किसानों के लिए एक राहत की खबर है। यह फैसला फसल लागत की भरपाई सुनिश्चित करेगा, बाजार दबाव से सुरक्षा देगा और दलहन उत्पादन को बढ़ावा देगा। इससे यूपी और एमपी के किसान आत्मविश्वास से भरकर उत्पादन में तेजी ला सकेंगे।
ये भी पढ़ें: धान के अलावा इन 4 फसलों की खेती से होगी अच्छी कमाई

