पटना: बिहार के किसानों के लिए राज्य सरकार एक अहम योजना लेकर आई है, जिससे जल्दी खराब होने वाली फसलों को सुरक्षित रखने में बड़ी मदद मिलेगी। टमाटर, मिर्च, गोभी और फलों जैसी फसलों को सड़ने से बचाने के लिए सोलर ड्रायर पर भारी सब्सिडी दी जा रही है, ताकि किसान अपनी उपज को लंबे समय तक सुरक्षित रख सकें और बेहतर दाम मिलने पर बेच सकें।
किसानों को मिलेगी 1.40 लाख रुपये की सहायता
इस योजना के तहत सरकार किसानों को सोलर ड्रायर लगाने पर लगभग 1 लाख 40 हजार रुपये तक की सहायता दे रही है। यह तकनीक सूरज की गर्मी से फसल को सुखाकर उसकी नमी कम करती है, जिससे फसल लंबे समय तक खराब नहीं होती और सुरक्षित भंडारण संभव हो पाता है।
कई फसलों को मिलेगा लाभ
सोलर ड्रायर का उपयोग टमाटर, मिर्च, प्याज, लहसुन, हल्दी, अदरक, अंजीर, आम, केला और पपीता जैसी फसलों के लिए बेहद फायदेमंद है। इस तकनीक से फलों और सब्जियों की नमी निकाल दी जाती है, जिससे उनमें कीड़े या फफूंद लगने का खतरा कम हो जाता है।
फसल बर्बादी पर लगेगा रोक
सोलर ड्रायर से सुखाई गई फसलों में पोषक तत्व और स्वाद बरकरार रहता है। इससे किसान अपनी उपज को दूर-दराज के बाजारों में भी आसानी से भेज सकते हैं, क्योंकि खराब होने का खतरा कम हो जाता है। इससे किसानों को उनकी मेहनत का पूरा मूल्य मिल सकेगा।
ऐसे कर सकते हैं आवेदन
किसान इस योजना का लाभ उठाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें राज्य सरकार की बागवानी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर योजना के विकल्प में सोलर ड्रायर योजना का चयन करना होगा। इसके बाद आवेदन पत्र भरकर आवश्यक जानकारी दर्ज करनी होगी, जिससे उनका पंजीकरण पूरा हो जाएगा।
किसानों की आय बढ़ाने में सहायक
विशेषज्ञों के अनुसार, कच्ची फसल बेचने की बजाय उसे सुखाकर या प्रसंस्करण के बाद बेचने पर बाजार में बेहतर कीमत मिलती है। सोलर ड्रायर से तैयार उत्पादों की मांग भी अधिक है, जिससे किसान साल भर अपनी उपज को मुनाफे के साथ बेच सकते हैं। यह योजना किसानों को पारंपरिक खेती से आगे बढ़ाकर नई तकनीक अपनाने और आय बढ़ाने का बेहतर अवसर प्रदान कर रही है।
ये भी पढ़ें: चीनी उत्पादन बढ़ा, इथेनॉल नीति और एमएसपी पर इंडस्ट्री की मांग

