भोपाल: मध्य प्रदेश में रबी विपणन सत्र 2026-27 के दौरान गेहूं की खरीद तेजी से जारी है। राज्य में 100 लाख मीट्रिक टन के लक्ष्य के मुकाबले लगभग 81 प्रतिशत खरीदी पूरी हो चुकी है और यह प्रक्रिया 23 मई तक जारी रहेगी। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने जानकारी दी कि अब तक 11 लाख 54 हजार 593 किसानों से 80 लाख 90 हजार 864 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। राज्य सरकार द्वारा समर्थन मूल्य के साथ बोनस देकर की जा रही खरीदी के चलते केंद्रों पर किसानों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।
खरीदी अवधि बढ़ने से किसानों को राहत
सरकार ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गेहूं खरीदी की अंतिम तिथि 9 मई से बढ़ाकर 23 मई 2026 कर दी है। इसके साथ ही तौल पर्ची बनाने का समय भी बढ़ाया गया है। अब शाम के बजाय रात 10 बजे तक तौल पर्चियां बनाई जा रही हैं, जबकि भुगतान से जुड़ी रसीदें रात 12 बजे तक जारी की जा रही हैं। सप्ताह में छह दिन सोमवार से शनिवार तक खरीदी जारी रखी गई है, जिससे किसानों को इंतजार कम करना पड़ रहा है।
खरीदी केंद्रों पर व्यवस्थाएं मजबूत
खरीदी केंद्रों पर भीड़ और दबाव कम करने के लिए सरकार ने कई अहम कदम उठाए हैं। हर केंद्र पर तौल कांटों की संख्या चार से बढ़ाकर छह कर दी गई है। जरूरत पड़ने पर जिलों को अतिरिक्त तौल कांटे बढ़ाने की अनुमति दी गई है। साथ ही तकनीकी व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है, ताकि ऑनलाइन प्रक्रिया सुचारु रूप से चल सके। खाद्य विभाग द्वारा खरीदी की लगातार निगरानी की जा रही है।
किसानों के खातों में पहुंची बड़ी राशि
मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने बताया कि अब तक किसानों के खातों में 9522.92 करोड़ रुपये स्थानांतरित किए जा चुके हैं। राज्य में 2585 रुपये प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य के साथ 40 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस भी दिया जा रहा है, जिससे किसानों को कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल का लाभ मिल रहा है। खरीदे गए गेहूं में से 69 लाख 12 हजार 735 मीट्रिक टन का उठाव भी किया जा चुका है।
गेहूं की खरीद में भोपाल और उज्जैन संभाग आगे
गेहूं की खरीद में भोपाल और उज्जैन संभाग सबसे आगे हैं। भोपाल संभाग में 22 लाख 86 हजार 653 मीट्रिक टन और उज्जैन संभाग में 18 लाख 92 हजार 792 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की गई है। इसके अलावा जबलपुर, सागर, इंदौर, नर्मदापुरम, शहडोल, रीवा, ग्वालियर और चंबल संभागों में भी बड़े पैमाने पर खरीदी जारी है। कुल मिलाकर राज्य में 80 लाख 90 हजार 864 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी पूरी की जा चुकी है, जो लक्ष्य की दिशा में तेजी से बढ़ते कदम को दर्शाता है।
ये भी पढ़ें: कृषि सुधार पर केंद्र-पंजाब बैठक, किसानों के लिए नई रणनीति
