कृषि पिटारा

देशभर में ठंड का हल्का असर शुरू, IMD ने कई राज्यों में अलर्ट जारी किया

नई दिल्ली: भारत के विभिन्न राज्यों में ठंड का प्रभाव धीरे-धीरे महसूस किया जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 14-15 नवंबर के बाद ठंड में बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि, पिछले 24 घंटों में कई राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज हुआ है, और कई क्षेत्रों में कोहरा छा जाने से विजिबिलिटी कम हो गई है। दिल्ली-एनसीआर में भी सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंड का एहसास हो रहा है। वहीं, दक्षिण भारत में भारी बारिश के अलर्ट जारी किए गए हैं।

दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता पिछले कुछ दिनों से खराब स्तर पर है। सोमवार को यहां कई इलाकों में AQI 200 से 400 के बीच दर्ज हुआ। मंगलवार को भी प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ा हुआ है। अगले कुछ दिनों में दिल्ली का न्यूनतम तापमान 16-17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सुबह के समय मध्यम कोहरा रहने और प्रदूषण के कारण धुंध छाई रहने का अनुमान है।

हिमाचल प्रदेश और पंजाब में घने कोहरे के कारण येलो अलर्ट जारी किया गया है। वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं, दक्षिण भारत के तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और रायलसीमा में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का येलो अलर्ट भी जारी है। केरल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी भारी बारिश का अनुमान है।

उत्तराखंड में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है। राज्य में अगले चार दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में सुबह के वक्त कोहरा और धुंध रहने की संभावना है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में धूप खिल सकती है।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में तापमान में फिलहाल उतार-चढ़ाव बना हुआ है। भोपाल में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा, जबकि दिन में अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इन राज्यों में ठंड का असर नवंबर के अंत तक बढ़ सकता है।

Related posts

Leave a Comment