कृषि समाचार

भारत की पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन लॉन्च, कीमत 2 रुपये तक

India's first indigenous bird flu vaccine launched, priced up to Rs 2

भोपाल: भारत में बर्ड फ्लू (एच5एन1) से बचाव के लिए देश की पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन विकसित की गई है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भोपाल में इस टीके को राष्ट्र को समर्पित किया। उन्होंने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए भोपाल में 300 करोड़ रुपये की लागत से नई अत्याधुनिक प्रयोगशाला बनाने की घोषणा भी की। इस बर्ड फ्लू वैक्सीन की कीमत प्रति खुराक 1 से 2 रुपये रखी गई है। दावा किया गया है कि यह एच5एन1 के इस प्रकार की दुनिया की पहली वैक्सीन है। इससे मुर्गीपालन करने वाले किसानों को बीमारी से बचाव में मदद मिलेगी और पोल्ट्री उद्योग को होने वाले भारी आर्थिक नुकसान को कम किया जा सकेगा।

दिल्ली के बजाय भोपाल में किया वैक्सीन का लोकार्पण

शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि पहले वैक्सीन का लोकार्पण दिल्ली में करने की योजना थी, लेकिन उन्होंने इसे भोपाल में ही राष्ट्र को समर्पित करने का निर्णय लिया। उनका कहना था कि जिन वैज्ञानिकों ने दिन-रात मेहनत करके इस टीके को विकसित किया, उनके बीच इस उपलब्धि का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान की उपलब्धियों की सराहना करते हुए इसे देश का गौरव बताया। भोपाल स्थित इस संस्थान ने पशुओं और पक्षियों में फैलने वाली कई गंभीर बीमारियों के लिए स्वदेशी टीके विकसित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

पशुपालन क्षेत्र को 56 हजार करोड़ रुपये के नुकसान से बचाने का दावा

केंद्रीय मंत्री ने पशुपालन और मुर्गीपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि पशु किसानों के लिए चलते-फिरते एटीएम की तरह हैं। उनके अनुसार, देश की अर्थव्यवस्था में पशुपालन का योगदान करीब 14 प्रतिशत और मुर्गीपालन का लगभग 1 प्रतिशत है। उन्होंने पशु रोगों से होने वाले आर्थिक नुकसान का उल्लेख करते हुए बताया कि खुरपका-मुंहपका रोग से करीब 22 हजार करोड़ रुपये, लंपी त्वचा रोग से 20 हजार करोड़ रुपये, ब्रुसेलोसिस से 9,212 करोड़ रुपये और भेड़-बकरियों में फैलने वाले पीपीआर रोग से 4,683 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। इन बीमारियों से कुल नुकसान करीब 56 हजार करोड़ रुपये बताया गया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी टीकों के विकास और टीकाकरण अभियान से पशुपालकों को इन भारी आर्थिक नुकसानों से बचाने में मदद मिल रही है।

देश में बर्ड फ्लू के 500 से अधिक प्रकोप

चौहान के अनुसार, भारत में बर्ड फ्लू का पहला प्रकोप वर्ष 2006 में महाराष्ट्र के नवापुर में सामने आया था। उस समय करीब 10 लाख मुर्गियों की मौत हुई थी और संक्रमण रोकने के लिए बड़ी संख्या में मुर्गियों को मारकर नष्ट करना पड़ा था। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में करीब 9 लाख और इस साल लगभग 2 लाख मुर्गियों की मौत हुई। वर्ष 2006 से अब तक देश में बर्ड फ्लू के 500 से अधिक प्रकोप सामने आ चुके हैं। यह बीमारी पक्षियों के अलावा कुछ स्तनधारी जीवों और मनुष्यों में भी संक्रमण का खतरा पैदा कर सकती है। नई वैक्सीन की कीमत बेहद कम रखी गई है, ताकि छोटे और सीमित संसाधनों वाले मुर्गीपालक किसान भी इसका उपयोग कर सकें और अपने पक्षियों को बीमारी से बचाने के लिए टीकाकरण करा सकें।

पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम से लाखों पशुओं को टीकाकरण

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मथुरा से राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम की शुरुआत की थी। इसके तहत खुरपका-मुंहपका रोग के खिलाफ अब तक 147 करोड़ 16 लाख मुफ्त टीके लगाए जा चुके हैं। उन्होंने ब्रुसेलोसिस पर नियंत्रण की दिशा में भी हुई प्रगति का उल्लेख किया। वर्ष 2022 में लंपी त्वचा रोग के प्रकोप के दौरान करीब 32 लाख 80 हजार पशु संक्रमित हुए थे और 1 लाख 86 हजार पशुओं की मौत हुई थी। उस समय हिसार और इज्जतनगर के वैज्ञानिकों ने लंपी प्रोवैकइंड टीका विकसित किया था। भोपाल के संस्थान ने गंबेरो रोग, ब्रुसेला एबॉर्टस एस-19 डेल्टा, क्लासिकल स्वाइन फीवर और अफ्रीकन स्वाइन फीवर जैसी बीमारियों के लिए भी स्वदेशी टीके विकसित किए हैं।

वैज्ञानिकों की मेहनत को बताया देश की उपलब्धि

शिवराज सिंह चौहान ने वैक्सीन विकसित करने वाले वैज्ञानिकों की मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों ने महीनों तक लगातार शोध किया और कड़े जैव-सुरक्षा नियमों के बीच काम किया। संस्थान में काम करने वाले वैज्ञानिकों को संक्रमण से बचाव के लिए विशेष सावधानियां बरतनी पड़ती हैं। उन्होंने इस शोध दल को देश का वास्तविक नायक बताते हुए कहा कि वैज्ञानिकों की मेहनत से भारत पशु रोगों के खिलाफ स्वदेशी तकनीक और टीकों के विकास में आत्मनिर्भर बन रहा है। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, विधायक आशीष शर्मा, महापौर मालती राय, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट, संस्थान के निदेशक डॉ. अनिकेत सान्याल सहित वैज्ञानिक, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें: बकरी मांस व्यापार में किसान कैसे पाएं सही कीमत

Related posts

Leave a Comment